असम से कश्मीर तक ‘जल प्रलय’ का तांडव, असम में 82 की मौत, गुजरात में भी बाढ़ ने बढ़ाई मुश्किलें

rain (2)

गुवाहाटी: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। असम से लेकर जम्मू-कश्मीर और गुजरात तक बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। सबसे अधिक नुकसान असम में हुआ है, जहां अब तक बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 82 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं गुजरात और कश्मीर के कई इलाके भी जलमग्न हैं, जिससे राहत और बचाव अभियान तेज कर दिए गए हैं।

असम में शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और चराइदेव जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन पांच जिलों में करीब दो लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक शुक्रवार को बाढ़ से दो और लोगों की जान गई। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में कोई भी व्यक्ति लापता नहीं बताया गया है।

379 गांव बाढ़ की चपेट में, राहत अभियान जारी

बाढ़ का असर पांच जिलों के 17 राजस्व क्षेत्रों और 379 गांवों में साफ तौर पर देखा जा रहा है। करीब दो लाख लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है, जबकि चराइदेव जिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य में 54 राहत शिविर और 26 राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अन्य एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

शोपियां में बादल फटने के बाद कई गांवों में बाढ़

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच ऊपरी इलाकों में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के कई गांव अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। बाढ़ के कारण कई मकानों, अन्य संपत्तियों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है।

गुजरात में तेज बहाव में बहे तीन बच्चे, एक मासूम की मौत

गुजरात में भी मॉनसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। खेड़ा जिले के वसो कस्बे में मुख्य बाजार से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी भर गया है। कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आणंद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास बारिश के पानी में खेल रहे तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम प्रीतिबेन सोलंकी की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी खेड़ा जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

 

एक नज़र