गोरखपुर में खौफनाक ट्रिपल मर्डर! नाबालिग ने सोते हुए भाई-भाभी और 3 साल के मासूम को उतारा मौत के घाट

gorakhpur_Triple_murder_17820975

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। बांसगांव थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन साल के भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सोते हुए परिवार पर किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनका तीन वर्षीय बेटा रेयान रात में घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान तड़के करीब तीन बजे आरोपी नाबालिग ने धारदार हथियार से तीनों पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि किसी को संभलने या बचाव का मौका तक नहीं मिल सका।

घटना के बाद मचा हड़कंप

तीन लोगों की एक साथ हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ शुरू की।

पारिवारिक विवाद की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह इस हत्याकांड की वजह लग रही है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि हत्याकांड के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

एक नज़र