एरिजोना में भीषण हेलीकॉप्टर हादसा: पहाड़ों के बीच रोप वेबिंग से टकराया चॉपर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
अमेरिका के एरिजोना राज्य से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पिनाल काउंटी के पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह एक निजी हेलीकॉप्टर आसमान से जमीन पर आ गिरा। इस दर्दनाक हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ों के बीच लगी एक रोप वेबिंग से टकरा गया था, जिसके बाद यह भयावह दुर्घटना हुई।
पिनाल काउंटी शेरिफ ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि हादसा सुबह करीब 11 बजे टेलीग्राफ कैन्यन के पास हुआ। यह इलाका फीनिक्स से लगभग 103 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। हेलीकॉप्टर ने क्वीन क्रीक स्थित पेगासस एयरपार्क से उड़ान भरी थी।
पायलट समेत चार लोगों की गई जान
शेरिफ ऑफिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में 59 वर्षीय पुरुष पायलट शामिल है, जो क्वीन क्रीक का रहने वाला था। इसके अलावा तीन युवा महिलाएं भी हेलीकॉप्टर में सवार थीं, जिनमें से दो की उम्र 21 वर्ष और एक की उम्र 22 वर्ष बताई गई है। दुखद बात यह है कि चारों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। शेरिफ ऑफिस ने बयान जारी कर कहा, “हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।”
कैसे हुआ हादसा, जांच में जुटी एजेंसियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर कैन्यन में गिरने से पहले एक रिक्रिएशनल स्लैकलाइन से टकराया, जो पहाड़ों के बीच लगी एक तरह की रोप वेबिंग होती है। इस टक्कर के बाद हेलीकॉप्टर संतुलन खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मामले की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहे हैं।
सुरक्षा के चलते उड़ानों पर अस्थायी रोक
दुर्घटना के बाद सुरक्षा कारणों से उस इलाके में कुछ समय के लिए उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। शेरिफ ऑफिस ने बताया कि हालात सामान्य होने के बाद ही हवाई गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी।
