केरल में भीषण सड़क हादसा, हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से भिड़ी कार; 8 लोगों की मौके पर मौत

untitled-2026-09-05t070844-1788572307

त्रिशूर: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कैपामंगलम इलाके में हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से एक कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस को आशंका है कि मृतकों में सभी पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के छात्र थे।

रात करीब 11:40 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे हुआ। कार कैपामंगलम के पनंबिकुन्नु इलाके में हाईवे पर खड़ी एक लॉरी से जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार आठों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कार गुरुवायूर की तरफ से कोडुंगलूर की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

तमिलनाडु में पंजीकृत थी कार, छात्रों के होने की आशंका

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के तमिलनाडु के रहने वाले छात्र होने का संदेह जताया जा रहा है। दुर्घटना का शिकार हुई कार भी तमिलनाडु में पंजीकृत थी। हालांकि पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान और उनके छात्र होने की स्थिति की पुष्टि की जा रही है।

पुलिस, दमकल और बचाव दल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कार से शवों को बाहर निकालने के बाद उन्हें त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार हाईवे के किनारे खड़ी लॉरी से टकराई थी। पुलिस अब दुर्घटना की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

कुछ दिन पहले भिंड में भी हुआ था ऐसा ही हादसा

कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भी सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हुई थी। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास मजदूरों से भरे वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में 22 लोग घायल भी हुए थे। ये मजदूर धान की रोपाई के बाद लौट रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 719 पर दुर्घटना हुई। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया था।

 

एक नज़र