मुनव्वर राणा की बेटी को पति ने दिया तीन तलाक, लखनऊ पुलिस ने दर्ज किया केस

munawwar-rana-1770168577

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी हिबा राणा ने आरोप लगाया है कि उनके पति सैय्यद मो. साकिब ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। घटना के बाद सआदतगंज पुलिस ने हिबा की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिबा ने पति और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
हिबा राणा ने अपने पति और ससुरालवालों पर दहेज की मांग और मारपीट का आरोप भी लगाया है। पुलिस शिकायत में हिबा ने बताया कि उनका निकाह 19 दिसंबर 2013 को हुआ था। दहेज में 10 लाख रुपए और सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे। हिबा का आरोप है कि ससुरालवाले उससे 20 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग कर रहे थे और इसके लिए मारपीट भी करते थे। आरोप है कि साकिब ने हिबा को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया और तीन तलाक दे दिया। इसके अलावा हिबा का कहना है कि पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

मुनव्वर राणा – उर्दू शायरी के मशहूर नाम
मुनव्वर राणा उर्दू साहित्य के प्रमुख शायर थे और उनका नाम देशभर में बड़े आदर के साथ लिया जाता था। उनका निधन 15 जनवरी 2024 को 71 वर्ष की आयु में लखनऊ में हुआ। उन्हें 2014 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

तीन तलाक कानून के तहत ये पूरी तरह अवैध
मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के तहत 1 अगस्त 2019 से तीन तलाक पूरी तरह अवैध है। इस कानून के अनुसार कोई भी पति अपनी पत्नी को तीन बार “तलाक” बोलकर या लिखकर तलाक नहीं दे सकता। पहले यह प्रथा मुस्लिम समाज में प्रचलित थी, लेकिन अब इसे कानूनन गैरकानूनी करार दिया गया है।

 

एक नज़र