रोज ब्रश करने के बाद भी मुंह से आती है बदबू? तो शरीर में इन 5 विटामिन्स की कमी हो सकती है वजह

Bad-Breathe-1768569375493

नई दिल्ली: अगर आप रोजाना ब्रश करते हैं, मुंह की सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं, फिर भी सांस से बदबू आती है तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। अक्सर लोग मान लेते हैं कि मुंह की बदबू सिर्फ दांतों की गंदगी या पाचन की समस्या से जुड़ी होती है, लेकिन कई मामलों में यह शरीर में जरूरी विटामिन्स की कमी का संकेत भी होती है। समय रहते इसकी असली वजह पहचान ली जाए, तो इस परेशानी से आसानी से राहत पाई जा सकती है।

विटामिन-सी की कमी से कैसे आती है बदबू?

विटामिन-सी मसूड़ों और दांतों की सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। इसकी कमी होने पर मसूड़ों में सूजन, खून आना और दांतों पर बैक्टीरिया की परत जमने लगती है। यही बैक्टीरिया मुंह से दुर्गंध पैदा करते हैं, जिससे सांस से बदबू आने लगती है।

विटामिन-डी की कमी भी बन सकती है कारण

विटामिन-डी दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। जब शरीर में इसकी कमी हो जाती है तो दांत कमजोर पड़ने लगते हैं, सड़न और मसूड़ों में इन्फेक्शन की समस्या बढ़ जाती है। इन समस्याओं के कारण भी मुंह से बदबू आ सकती है।

विटामिन-बी12 की कमी का असर

विटामिन-बी12 की कमी से मुंह में छाले पड़ना आम समस्या है। इसके साथ ही यह पाचन तंत्र को भी प्रभावित करता है। कमजोर पाचन और मुंह में छालों की वजह से बदबू की समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है।

विटामिन-ए की कमी से बढ़ती है ड्राईनेस

विटामिन-ए मुंह और गले की नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी होने पर मुंह में ड्राईनेस बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया पनपने लगते हैं और सांस से बदबू आने लगती है।

फॉलिक एसिड की कमी भी है जिम्मेदार

फॉलिक एसिड यानी विटामिन बी9 की कमी से मसूड़े कमजोर हो जाते हैं। बार-बार इन्फेक्शन होने की समस्या पैदा होती है और यही इन्फेक्शन मुंह की बदबू का कारण बनता है।

मुंह की बदबू से राहत पाने के घरेलू उपाय

अगर विटामिन की कमी की वजह से मुंह से बदबू आ रही है, तो सबसे पहले विटामिन्स से भरपूर डाइट अपनाना जरूरी है। नींबू, संतरा, आंवला, हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, टमाटर, अंडे, दूध और दालों को रोजाना भोजन में शामिल करें। मुंह की ड्राईनेस कम रखने के लिए दिनभर भरपूर पानी पिएं। दिन में दो बार ब्रश करें और फ्लॉस की मदद से दांतों के बीच जमी गंदगी साफ करें। ग्रीन टी या हर्बल टी पीने से बैक्टीरिया कम होते हैं और सांस फ्रेश रहती है। स्मोकिंग और अल्कोहल से दूरी बनाना भी जरूरी है, क्योंकि ये मुंह को सूखा बनाकर बदबू बढ़ाते हैं। गुनगुने पानी में नमक डालकर कुल्ला करने से बैक्टीरिया कम होते हैं। अगर इसके बावजूद बदबू लगातार बनी रहती है, तो दांतों और मसूड़ों का डेंटल चेकअप जरूर कराएं।

 

एक नज़र