दांतों में दिखें ये 4 खतरनाक संकेत तो न करें नजरअंदाज, समय रहते नहीं संभले तो बढ़ सकता है गंभीर बीमारी का खतरा
नई दिल्ली। बदलती लाइफस्टाइल और खानपान की आदतों के कारण दांतों और मुंह से जुड़ी समस्याएं आज बेहद आम हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि लोग दांतों की परेशानी को हल्के में लेते हैं और समय पर डेंटिस्ट से सलाह नहीं लेते। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में 85 से 90 प्रतिशत वयस्क किसी न किसी तरह की डेंटल समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि बड़ी आबादी आज भी नियमित ब्रश और चेकअप को नजरअंदाज कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि दांतों में दिखने वाले कुछ लक्षण गंभीर बीमारी की चेतावनी हो सकते हैं।
दांतों की अनदेखी पड़ सकती है भारी
यूके के मैनचेस्टर में रीजनल क्लिनिकल डायरेक्टर, पीरियोडॉन्टिस्ट और इम्प्लांट डेंटिस्ट फैजान जहीर के अनुसार, लोग अक्सर शुरुआती संकेतों को मामूली समझकर छोड़ देते हैं। धीरे-धीरे समस्या बढ़ती जाती है और मसूड़ों की बीमारी हड्डी तक को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए मुंह और दांतों की सेहत को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।
मुंह या जीभ में गांठ और सूजन
अगर मुंह या जीभ में लगातार सूजन या गांठ महसूस हो रही है तो इसे नजरअंदाज न करें। विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादातर मामलों में यह सामान्य हो सकता है, लेकिन कुछ मामलों में यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डेंटिस्ट या डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
मुंह में लंबे समय तक छाले बने रहना
अगर मुंह में छाले बार-बार हो रहे हैं या 10 दिन से ज्यादा समय तक ठीक नहीं हो रहे, तो यह अल्सर या किसी अन्य समस्या का लक्षण हो सकता है। निगलने में परेशानी, खाने में दर्द या जलन महसूस हो तो तुरंत स्पेशलिस्ट से संपर्क करना चाहिए।
मसूड़ों से खून आना
ब्रश करते समय या यूं ही मसूड़ों से खून आना मसूड़ों की बीमारी का संकेत है। दर्द न होने की वजह से लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन इलाज न होने पर यह समस्या दांतों और हड्डियों तक को नुकसान पहुंचा सकती है।
मुंह में दिखें असामान्य लक्षण
अगर दांतों या मुंह में कोई भी ऐसा बदलाव नजर आए जो सामान्य न लगे, जैसे रंग बदलना, लगातार दर्द या अजीब सा एहसास, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें। कई बार दांतों की बीमारी के संकेत सीधे मुंह में ही दिखने लगते हैं।
