न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, अय्यर की वापसी; गायकवाड़ बाहर, बुमराह-हार्दिक को आराम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। हालांकि, बीसीसीआई ने साफ किया है कि अय्यर का खेलना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर करेगा।
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में वह टीम का हिस्सा नहीं थे। गिल, अय्यर और सिराज की वापसी के चलते तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल को इस बार टीम से बाहर कर दिया गया है।
बुमराह और हार्दिक को दिया गया आराम
सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को टीम में शामिल किया गया है, जिनका अनुभव न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम साबित हो सकता है। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी टीम का हिस्सा हैं। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। दोनों खिलाड़ियों को आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम में शामिल नहीं किया गया है।
विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी पंत और राहुल के पास
विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत और केएल राहुल को टीम में जगह मिली है। हालांकि, संजू सैमसन एक बार फिर चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने में नाकाम रहे। इसके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी इस सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं बना सके।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल
*फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन
भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 11 से 18 जनवरी के बीच खेली जाएगी। पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में होगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 18 जनवरी को इंदौर में आयोजित होगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 21 से 31 जनवरी के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
