नए साल के जश्न के बीच स्विट्जरलैंड के रिजॉर्ट में भीषण धमाका, 40 लोगों के मौत की आशंका
नई दिल्ली: स्विट्ज़रलैंड में नए साल के जश्न के दौरान गुरुवार को एक भयंकर हादसा हुआ। दक्षिण-पश्चिमी स्विट्ज़रलैंड के वालिस कैंटन में स्थित लक्ज़री क्रैंस-मोंटाना स्की रिजॉर्ट के एक बार में अचानक धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि धमाके के समय बार में करीब 100 लोग मौजूद थे और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक 40 लोगों के जलकर मरने की संभावना है।
पुलिस प्रवक्ता गैटन लैथियन ने कहा, “अज्ञात कारण से यह हादसा हुआ। कई लोग घायल हैं और कई लोगों की मौत हुई है।” धमाका ले कॉन्स्टेलेशन नामक बार में सुबह करीब 1:30 बजे हुआ, जो पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस समय लोग नए साल की पूर्व संध्या का जश्न मना रहे थे।
स्विस मीडिया ने बताया कि धमाके के बाद बार और आसपास की इमारतों में आग फैल गई। तस्वीरों में आपातकालीन गाड़ियों की कतार दिखाई दे रही है। बचाव और राहत कार्यों में पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन जुटे हैं।
हालांकि स्काई न्यूज ने पुलिस के हवाले से घटना में कम से कम 10 मौतों की पुष्टि की है, लेकिन कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या कहीं ज्यादा बताई जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करने से इनकार किया है। मृतकों में कई लोग जलने के बाद अस्पताल में इलाजाधीन हैं।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और क्रैंस-मोंटाना के ऊपर नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और स्विस प्रशासन ने बताया कि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
