मायावती ने सपा के घोषणापत्र को बताया चुनावी छलावा, बोलीं- ‘थोथा चना, बाजे घना’
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को हवा-हवाई और चुनावी छलावा करार देते हुए कहा कि यह पार्टी के कथित पीडीए की तरह ही खोखला है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा की नीतियां गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के बजाय धनवानों को प्राथमिकता देने वाली हैं।
मायावती ने कहा कि सपा का घोषणापत्र जनहित की सोच के बजाय धन-मन वादी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह चुनावी वादों के नाम पर किए जा रहे दावों से सावधान रहे और पार्टी की नीतियों को ध्यान में रखकर फैसला करे।
राज्यसभा चुनाव का जिक्र कर सपा पर साधा निशाना
बसपा प्रमुख ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव का हवाला देते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धनाढ्य व्यक्ति को तरजीह दी। मायावती ने सवाल उठाया कि जब पार्टी की प्राथमिकता ऐसी होगी, तो प्रदेश से गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं कैसे दूर होंगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा चुनाव में अच्छे और जनहित के प्रति समर्पित लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को उम्मीदवार बनाएगी। ऐसे लोगों को जनता की समस्याओं से ज्यादा अपने निजी हितों की चिंता रहती है।
‘हर हाथ को काम और कानून का राज बसपा की पहचान’
मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और कानून का राज बसपा की नीतियों और सिद्धांतों का हिस्सा रहे हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखते हुए इन नीतियों पर ईमानदारी से अमल किया गया।
उन्होंने सपा के साथ कांग्रेस और भाजपा पर भी इन मुद्दों पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया। मायावती का कहना था कि गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के मामले में सपा का रवैया भरोसेमंद नहीं रहा है।
सपा पर जातिवादी माहौल और आरक्षण विरोधी रवैये का आरोप
बसपा प्रमुख ने सपा पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के खिलाफ रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश जातिवादी द्वेष और दंगों से प्रभावित रहा है।
मायावती ने दावा किया कि जनता सपा के पुराने दावों और घोषणाओं को भूली नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पार्टी के नए वादों के बहकावे में न आएं और उनके वास्तविक रिकॉर्ड को भी ध्यान में रखें।
अखिलेश यादव ने घोषणापत्र में किए कई बड़े वादे
दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ के एक होटल में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया था। इस दौरान उन्होंने कई बड़े चुनावी वादे किए।
अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी नौकरियों का प्रस्ताव पारित करने और 25 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही। इसके अलावा युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया।
सपा ने बीपीएल परिवारों की बुजुर्ग जरूरतमंद महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन, बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना और गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी ऐलान किया। इसके साथ ही विधवा, दिव्यांग और अनाथ लड़कियों से शादी करने पर दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल है।
