अमेरिका में तूफान ने मचाई तबाही, 9 लाख से ज्यादा घरों में बिजली गुल; सैकड़ों उड़ानें रद्द

jagran-photo-1795741878925_v
नई दिल्ली: अमेरिका के पूर्वी हिस्से में थैंक्सगिविंग के दौरान आए शक्तिशाली तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज हवाओं, भारी बारिश और तटीय इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि छुट्टियों के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कई राज्यों में बिजली आपूर्ति ठप

बिजली कटौती पर नजर रखने वाली वेबसाइट पॉवर आउटेज के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार शाम तक मध्य-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी अमेरिका में करीब 9 लाख बिजली उपभोक्ता प्रभावित थे। कई राज्यों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पेंसिल्वेनिया में 2.13 लाख से अधिक, वर्जीनिया में 1.5 लाख से ज्यादा और मिसूरी में लगभग 1.2 लाख उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल थी। वहीं, एबीसी न्यूज के मुताबिक, वर्जीनिया में करीब 2 लाख और मैरीलैंड में लगभग 1.77 लाख घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

112 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं

अमेरिका के पूर्वी तट पर तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। राष्ट्रीय मौसम सेवा के मुताबिक, डेलावेयर, न्यू जर्सी और दक्षिण-पूर्वी पेंसिल्वेनिया में पेड़ गिरने और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से बड़े पैमाने पर बिजली कटौती हुई।

मौसम विभाग ने इस तूफान को हाल के इतिहास के सबसे बड़े थैंक्सगिविंग तूफानों में से एक बताया है। भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय बाढ़ के खतरे को देखते हुए कई इलाकों में चेतावनी जारी की गई है।

थैंक्सगिविंग पर सैकड़ों उड़ानें रद्द, हजारों यात्रियों की परेशानी

तूफान का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान अमेरिका के विभिन्न हवाई अड्डों पर सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई अन्य उड़ानों में देरी हुई। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को अमेरिका में 350 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और करीब 700 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (एएए) के अनुमान के मुताबिक, थैंक्सगिविंग के आसपास सात दिनों के दौरान करीब 8.15 करोड़ अमेरिकी कम से कम 50 मील की यात्रा करने वाले थे।

कई इलाकों में आपातकालीन उपाय लागू

राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पूर्वी तट के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है। इंटरस्टेट-95 कॉरिडोर में 50 मील प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

स्थिति को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर ने आपातकाल घोषित कर दिया है। वहीं, न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी आपातकालीन उपाय लागू किए गए हैं।

 

एक नज़र