“मम्मी-पापा सॉरी… कोरियन लव गेम नहीं छोड़ पा रही”, गाजियाबाद में तीन सगी बहनों की सामूहिक आत्महत्या से सनसनी
गाजियाबाद से सामने आई यह घटना हर किसी को झकझोर देने वाली है। जिले के साहिबाबाद इलाके में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड “कोरियन लव गेम” की लत में थीं और परिजनों की डांट के बाद मानसिक दबाव में आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
हाथ पकड़कर बालकनी से लगाई छलांग, मौके पर मची चीख-पुकार
यह दर्दनाक वारदात भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टावर में फ्लैट नंबर 907 में हुई। रात करीब 2 बजे तीनों बहनें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बालकनी से नीचे कूद गईं। मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों कोरोना काल से लगातार एक ऑनलाइन कोरियन लव गेम खेल रही थीं और इसकी उन्हें गहरी लत लग चुकी थी। उसी को लेकर घर में मोबाइल इस्तेमाल पर रोक और डांट-फटकार हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, अस्पताल में मृत घोषित
घटना की जानकारी पुलिस को रात 2:18 बजे मिली। थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो तीनों बच्चियां बिल्डिंग के नीचे गंभीर हालत में पड़ी थीं। आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस के जरिए लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कमरे से मिला सुसाइड नोट, लिखी थी दिल दहला देने वाली बात
एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जांच में पता चला है कि तीनों बहनें एक ही कमरे में रहती थीं और मोबाइल फोन पर ऑनलाइन गेम खेलती थीं। उसी कमरे से पुलिस को एक डायरी मिली है, जिसमें सुसाइड नोट लिखा हुआ था। नोट में लिखा है— “मम्मी-पापा सॉरी… गेम नहीं छोड़ पा रही हूं।” इस एक लाइन ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पिता ऑनलाइन ट्रेडिंग करते हैं, संपर्कों की हो रही जांच
एसपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बच्चियों के पिता चेतन ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि तीनों बच्चियां गेम के जरिए किन लोगों के संपर्क में थीं और क्या किसी तरह का मानसिक दबाव या उकसावे की भूमिका रही है। तीनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उनकी डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है।
क्या है कोरियन लव गेम, कैसे बनता है खतरा
पुलिस जांच में सामने आया है कि कोरियन लव गेम एक ऑनलाइन चैट आधारित गेम है, जो सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलता है। इसमें सामने वाला खुद को विदेशी या कोरियन युवक-युवती बताकर बातचीत शुरू करता है। पहले दोस्ती और प्यार की बातें होती हैं, फिर धीरे-धीरे छोटे टास्क दिए जाते हैं। समय के साथ ये टास्क मानसिक रूप से परेशान करने वाले बन जाते हैं। कई मामलों में टास्क पूरा न करने पर डराने-धमकाने की बातें भी सामने आई हैं, जिससे खेलने वाले पर गंभीर मानसिक दबाव बनता है।
