‘सिर्फ सत्ता नहीं, राष्ट्र निर्माण हमारा लक्ष्य’… राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा संदेश, बोले- भाजपा की असली ताकत संगठन नहीं, कार्यकर्ता हैं

2026_11image_00_16_003170625rajnathsingh-ll

लखनऊ: रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सरकार बनाने के उद्देश्य से राजनीति नहीं करती, बल्कि उसका मूल लक्ष्य राष्ट्र निर्माण और समाज को सही दिशा देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ काम करने का आह्वान किया।

नवगठित महानगर टीम की बैठक में संबोधन

राजनाथ सिंह लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा लखनऊ महानगर की नवगठित टीम और पार्टी कार्यकर्ताओं की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, मेहनत और समर्पण से ही संभव होती है।

उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता संगठन में आगे बढ़ने और बड़ी जिम्मेदारी निभाने की इच्छा रख सकता है, लेकिन इतने बड़े संगठन में सभी को एक साथ पद देना संभव नहीं है। इसके बावजूद प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और महत्व बराबर है।

‘भाजपा का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं’

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी के चुनावी घोषणापत्र गंभीरता से तैयार किए जाते हैं ताकि जनता से किए गए वादों को पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए लाखों लोगों को आवास, स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही सड़क संपर्क, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं, जिससे भारत तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है।

कार्यकर्ताओं को निभानी होगी सामाजिक जिम्मेदारी

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र, मोहल्ले और वार्ड में सामाजिक जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कोई भी जिम्मेदारी छोटी नहीं होती। यदि किसी कार्यकर्ता को 10 परिवारों से संपर्क करने का दायित्व मिलता है, तो उसे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना चाहिए।

उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से भी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने और उनकी भावनाओं का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही कहा कि कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरत के समय उनके परिवारों के साथ खड़ा रहना भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति का हिस्सा है।

दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का किया उल्लेख

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा सभी का अपना महत्व है। उनके अनुसार शरीर के लिए धन, मन के लिए सम्मान, बुद्धि के लिए ज्ञान और आत्मा के लिए ईश्वर आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा इसी व्यापक दृष्टिकोण पर आधारित है, जो समाज और मानवता के कल्याण की दिशा में प्रेरित करती है।

 

एक नज़र