पैरामेडिकल विद्यार्थियों के प्लेसमेंट पर नेशनल पीजी कॉलेज का फोकस, मेडिकल हब विकसित करने की तैयारी
लखनऊ: स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को देखते हुए नेशनल पीजी कॉलेज ने पैरामेडिकल विद्यार्थियों को बेहतर व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल तेज की है। गुरुवार को कॉलेज के सेंटर फॉर वोकेशनल एंड फ्यूचरिस्टिक स्टडीज (CVFS) एवं बी.वोक. विभाग की ओर से मोती महल स्थित शांति कुटीर में एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान CVFS लैब का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें तकनीकी दक्षता के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण देना भी जरूरी है, ताकि वे अपने क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों का सामना कर सकें।
उन्होंने पैरामेडिकल विद्यार्थियों के प्लेसमेंट पर विशेष जोर दिया और महाविद्यालय में एक मेडिकल हब विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कैस्पियन विश्वविद्यालय के साथ हुआ समझौता
प्राचार्य ने बताया कि नेशनल पीजी कॉलेज ने कैस्पियन विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। भविष्य में किर्गिस्तान और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ भी समझौते करने की योजना है। इसके माध्यम से शैक्षणिक कार्यक्रमों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रयोगशालाएं और समय-समय पर आयोजित होने वाली कार्यशालाएं विद्यार्थियों को व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
CVFS लैब से मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर
महाविद्यालय के प्रबंधक उज्ज्वल रमन सिंह और प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर CVFS लैब का उद्घाटन किया और प्रयोगशाला एवं मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस कार्यशाला का विषय ‘Emerging Trends in Healthcare, Human Well-being and Sustainable Health Development’ था। इसमें बी.वोक. ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी और हॉस्पिटल मैनेजमेंट के विद्यार्थी शामिल हुए।
व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के जरिए कौशल विकास की कोशिश
कार्यक्रम के संयोजक और बी.वोक. पाठ्यक्रम के मुख्य समन्वयक प्रो. पवन कुमार सिंह ने स्वागत संबोधन में CVFS की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
150 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में CVFS की सह-समन्वयक डॉ. ऋतु जैन सहित प्रो. ज्योति भार्गव, डॉ. दीक्षा, डॉ. आकृति कुमार, डॉ. निधि श्रीवास्तव, डॉ. मनीषा, डॉ. गगनदीप, डॉ. विकास, डॉ. ऋतुराज मिश्रा, डॉ. अपर्णा सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र, संतोष यादव, अनुराग श्री, नीरज श्री, शुभम और पवन भसीन समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता पर स्किट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में प्रमाणपत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. ज्योति भार्गव ने किया।
