NEET UG Rank List: राजस्थान में 667 अंक वाला बना स्टेट टॉपर, 600+ स्कोर करने वाले 1,321 उम्मीदवार; MBBS-BDS की पूरी रैंक लिस्ट जारी
जयपुर: राजस्थान नीट यूजी 2026 राज्य काउंसलिंग के लिए एमबीबीएस और बीडीएस की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर की ओर से जारी इस राज्य मेरिट सूची में कुल 13,880 उम्मीदवारों को जगह मिली है। सूची में शामिल नीट यूजी योग्य अभ्यर्थी राजस्थान राज्य कोटे की 85 फीसदी एमबीबीएस और बीडीएस सीटों पर दाखिले के लिए पात्र होंगे।
मेरिट लिस्ट में मुख्य रूप से राजस्थान के मूल निवासी उम्मीदवारों की जानकारी दी गई है। इसमें अभ्यर्थियों के नाम, पिता का नाम, लिंग, आरक्षित वर्ग, नीट में प्राप्त अंक, ऑल इंडिया रैंक और राज्य मेरिट रैंक शामिल है।
667 अंक हासिल कर रिशित जांदू बने टॉपर
राजस्थान की स्टेट मेरिट लिस्ट में ओबीसी वर्ग के रिशित जांदू ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने नीट यूजी में 720 में से 667 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 628 है। इसी के साथ वह राजस्थान की राज्य मेरिट सूची में पहले स्थान पर हैं।
हेमांग यादव 666 अंक और 635 की ऑल इंडिया रैंक के साथ राज्य मेरिट में दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, सहेर ने 665 अंक हासिल कर तीसरा स्थान पाया है। उनकी ऑल इंडिया रैंक 698 है।
600 से ज्यादा अंक वालों की राज्य मेरिट रैंक 1321
राजस्थान की मेरिट लिस्ट में 600 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 1,321 तक पहुंचती है। 550 या उससे अधिक अंक वाले उम्मीदवारों की राज्य मेरिट रैंक 4,601 तक है। वहीं 500 से अधिक अंक वाले उम्मीदवारों की राज्य मेरिट रैंक भी 4,601 बताई गई है।
400 से अधिक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की राज्य मेरिट रैंक 9,638 तक पहुंची है। इससे राज्य में अलग-अलग अंक वर्गों में प्रतिस्पर्धा के स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आरक्षित वर्गों में कौन रहा आगे
एसटी वर्ग में भावना मीणा शीर्ष प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों में हैं। उनकी राज्य मेरिट रैंक 8,001 है और उन्होंने 463 अंक हासिल किए हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 1,44,842 है।
एससी वर्ग में सलोनी महावार ने 542 अंक हासिल किए हैं। उनकी राज्य मेरिट रैंक 5,041 और ऑल इंडिया रैंक 43,731 है।
एमबीसी एनसीएल वर्ग में लोकेश 621 अंकों के साथ प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। उनकी राज्य मेरिट रैंक 401 और ऑल इंडिया रैंक 4,887 है।
51 मेडिकल और 17 डेंटल कॉलेजों में सीटों का ब्योरा
राजस्थान की राज्य काउंसलिंग में 51 मेडिकल कॉलेजों की 7,433 एमबीबीएस सीटें और 17 डेंटल कॉलेजों की 1,536 बीडीएस सीटें शामिल हैं। इनमें सरकारी और निजी संस्थानों की सीटें शामिल हैं।
राज्य में 33 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कुल 3,735 सीटें हैं, जबकि 18 निजी मेडिकल कॉलेजों में 3,700 सीटें उपलब्ध हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों की कुल सीटों में 2,274 सीटें सरकारी यानी कम फीस वाली बताई गई हैं। इसके अलावा 991 मैनेजमेंट और 468 एनआरआई कोटे की सीटें हैं।
बीडीएस में सरकारी फीस वाली सिर्फ 86 सीटें
बीडीएस की बात करें तो राज्य में सिर्फ 86 सीटें सरकारी यानी कम फीस वाली हैं। अखिल भारतीय 15 फीसदी केंद्रीय कोटा काउंसलिंग में भी एमबीबीएस और डेंटल की करीब 1,000 सरकारी फीस वाली सीटें शामिल हैं।
राजस्थान में दो सरकारी डेंटल कॉलेज हैं। वहीं निजी क्षेत्र में 18 मेडिकल कॉलेज और 15 डेंटल कॉलेज हैं।
20 अगस्त तक चॉइस फिलिंग, 22 अगस्त को सीट अलॉटमेंट
राजस्थान नीट यूजी राज्य काउंसलिंग में ऑनलाइन चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हुई है और 20 अगस्त 2026 को रात 11:55 बजे तक चलेगी। इसके बाद चॉइस अपने आप लॉक हो जाएगी।
प्रथम चरण के सीट आवंटन का परिणाम 22 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। आवंटित सीट की ट्यूशन फीस 23 अगस्त से 27 अगस्त तक दोपहर 3:30 बजे तक जमा करनी होगी।
आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग के लिए उम्मीदवारों को 23 अगस्त से 27 अगस्त तक एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर स्थित निर्धारित डेस्क पर पहुंचना होगा। रिपोर्टिंग की अंतिम समय सीमा शाम 6 बजे तक है और उम्मीदवारों को निर्धारित स्लॉट के अनुसार रिपोर्ट करना होगा।
