उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का मुरादाबाद मंडल में मेगा निरीक्षण, 121 किमी/घंटा की स्पीड ट्रायल सफल

WhatsApp Image 2026-02-13 at 7.11.05 PM

नई दिल्ली, 13 फरवरी 2026: उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले आलमनगर-रोजा रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ श्रीमती विनीता श्रीवास्तव और मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद मंडल भी मौजूद रहीं। निरीक्षण का उद्देश्य संरक्षा, परिचालन गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा कर उन्हें और सुदृढ़ करना रहा।

महाप्रबंधक ने आलमनगर से काकोरी, मलिहाबाद, संडीला, बालामऊ, हरदोई और रोजा तक विभिन्न स्टेशनों, यार्डों और रेल कॉलोनियों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान काकोरी स्टेशन पर ‘शहीद पार्क’ पहुंचकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में काकोरी के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बालामऊ स्टेशन पर उन्होंने नई क्रू लॉबी और स्वास्थ्य इकाई (हेल्थ यूनिट) का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रनिंग रूम, लेवल क्रॉसिंग (फाटक), पुलों और ट्रैक कर्व की बारीकी से जांच की गई। संरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान चयनित रेलखंडों पर 121 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह ट्रायल रेलखंड की संरचनात्मक मजबूती और परिचालन क्षमता को दर्शाता है।

हरदोई और अन्य स्टेशनों पर गैंग, यूएसएफडी (USFD) और स्मॉल ट्रैक मशीनों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने ट्रैक सुरक्षा और तकनीकी मानकों के सख्त पालन पर विशेष जोर दिया।

महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने कहा, “रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता संरक्षा और यात्री सुविधा है। आज का निरीक्षण परिचालन गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राउंड स्तर पर तैनात कर्मचारियों से सीधा संवाद किया और उन्हें संरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

एक नज़र