‘पेद्दी’ का दुनियाभर में तूफान! पहले ही दिन 100 करोड़ के पार पहुंची राम चरण की फिल्म, विदेशों में भी बजा डंका

peddi-worldwide-collection-day-1-1780635893238_v

नई दिल्ली: राम चरण और जाह्नवी कपूर अभिनीत स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। घरेलू बाजार में शानदार प्रदर्शन करने के साथ-साथ फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जबरदस्त कमाई दर्ज की है। पहले ही दिन फिल्म ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।

ओपनिंग डे पर 112 करोड़ के करीब पहुंचा कारोबार

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पेद्दी’ ने रिलीज के पहले दिन वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर करीब 112 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म को देश और विदेश दोनों जगह दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला, जिसका असर पहले दिन की कमाई में साफ दिखाई दिया।

विदेशी बाजारों में भी दिखा राम चरण का जलवा

फिल्म की विदेशों में लोकप्रियता का अंदाजा इसकी एडवांस बुकिंग से ही लग गया था। रिलीज से पहले ही फिल्म ने वैश्विक स्तर पर लगभग 35 करोड़ रुपये की अग्रिम बुकिंग दर्ज की थी। पहले दिन विदेशी बाजारों से करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई सामने आई है, जो हाल के समय में रिलीज हुई कई बड़ी दक्षिण भारतीय फिल्मों से बेहतर मानी जा रही है।

नॉर्थ अमेरिका बना सबसे बड़ा बाजार

विदेशी बाजारों में फिल्म को सबसे ज्यादा समर्थन नॉर्थ अमेरिका से मिला। यहां पहले दिन फिल्म ने लगभग 1.5 मिलियन डॉलर यानी 12.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। यह आंकड़ा राम चरण की पिछली रिलीज के मुकाबले काफी बेहतर बताया जा रहा है।

इसके अलावा यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, फ्रांस और खाड़ी देशों में भी फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिला है। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में तेलुगु दर्शकों की मौजूदगी का लाभ फिल्म को मिलता दिखाई दिया।

भारत में भी शानदार रही शुरुआत

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी ‘पेद्दी’ ने दमदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने पहले दिन करीब 69.50 करोड़ रुपये का शुद्ध संग्रह किया, जबकि सकल कारोबार 82.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। सबसे ज्यादा कमाई तेलुगु संस्करण से हुई, जिसने अकेले 65.70 करोड़ रुपये जुटाए।

हिंदी संस्करण से फिल्म को करीब 3 करोड़ रुपये की आय हुई। हालांकि तमिल, कन्नड़ और मलयालम संस्करणों से पहले दिन कोई उल्लेखनीय कमाई दर्ज नहीं की गई।

रिलीज के साथ बनी चर्चा का केंद्र

बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट और खेल आधारित कहानी के चलते ‘पेद्दी’ पहले से ही चर्चा में थी। रिलीज के बाद पहले दिन के आंकड़ों ने यह संकेत दे दिया है कि फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।

 

एक नज़र