पीलीभीत को मिलेगा आधुनिक बस ट्रांजिट हब, 9.22 करोड़ की लागत से बनेगा नया रोडवेज स्टेशन, नेपाल-उत्तराखंड यात्रा होगी सुगम

bus-stand-1767778741400

नववर्ष 2026 की शुरुआत पीलीभीत के लोगों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी लेकर आई है। वर्षों से लंबित मांग को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने शहर में अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। नए बस ट्रांजिट हब के बनने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मिलेंगी।

भीड़ और जाम से मिलेगी राहत
फिलहाल पीलीभीत डिपो का रोडवेज बस स्टैंड शहर के बीचोंबीच स्थित है, जहां जगह की कमी के चलते बसों को सड़कों पर खड़ा करना पड़ता है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। वहीं यात्रियों और कर्मचारियों के लिए सुविधाओं का भी अभाव है। इसी कारण लंबे समय से नए बस स्टैंड की मांग की जा रही थी।

दियूनी केसरपुर में बनेगा नया बस स्टेशन
जानकारी के अनुसार नया बस स्टेशन कचहरी के पास दियूनी केसरपुर क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसके लिए 1.317 हेक्टेयर भूमि पहले ही अधिग्रहित कर ली गई है और इसे उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को सौंप दिया गया है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

9.22 करोड़ की लागत, ट्रांजिट हब के रूप में विकास
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 9.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे केवल बस स्टैंड नहीं, बल्कि एक आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ और आधुनिक शौचालय, उच्च गुणवत्ता वाली कैंटीन और फूड स्टॉल्स की व्यवस्था की जाएगी। बसों की आवाजाही की सटीक जानकारी देने के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

नेपाल और उत्तराखंड जाने वालों को फायदा
पीलीभीत डिपो के एआरएम विपुल पाराशरी के अनुसार यह परियोजना जिले के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देगी। नया बस ट्रांजिट हब पीलीभीत के साथ-साथ नेपाल और उत्तराखंड की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी एक सुविधाजनक केंद्र साबित होगा। मंजूरी मिलते ही स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है।

 

एक नज़र