School Closed: शीतलहर और घने कोहरे का कहर, यूपी के कई जिलों में स्कूल बंद, बदली गई कक्षाओं की टाइमिंग

125865992

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह-शाम सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई जिलों के जिलाधिकारियों ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है।

लखनऊ, औरैया, आगरा समेत कई जिलों में छुट्टी बढ़ी
गुरुवार को लखनऊ, औरैया, आगरा, कानपुर और सीतापुर में स्कूलों की छुट्टियों की अवधि बढ़ा दी गई। वहीं लखीमपुर खीरी में पहले ही 12वीं तक, शाहजहांपुर में 12वीं तक और प्रयागराज में 8वीं तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया जा चुका है।

औरैया और सीतापुर में कब तक बंद रहेंगे स्कूल
औरैया के जिलाधिकारी ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं सीतापुर में कक्षा 8 तक के स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

लखनऊ और झांसी में बदली गई व्यवस्था
लखनऊ में भी कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। इसके साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। झांसी में भी जिलाधिकारी ने 10 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।

प्रयागराज में 8वीं तक अवकाश
प्रयागराज में बीएसए के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी, निजी और सभी बोर्ड के विद्यालयों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह के अनुसार इस अवधि में शिक्षक और अन्य स्टाफ विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्व निभाएंगे।

कानपुर में भीषण सर्दी के चलते स्कूल बंद
कानपुर में डीएम ने अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

 

एक नज़र