प्रतापगढ़ में बारिश बनी काल! 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया।
हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कमरे में एयर कंडीशनर लगा होने के कारण परिवार के सभी सदस्य उसी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान अचानक ढह गया।
मृतकों में माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में परिवार के माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड, राहत-बचाव दल और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया।
लगातार बारिश से कमजोर हो गई थीं दीवारें
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह मकान करीब 100 वर्ष पुराना और काफी जर्जर स्थिति में था। लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी दीवारें और कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
रात करीब दो बजे अचानक ढह गया मकान
जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना था। गुरुवार तड़के करीब दो बजे अचानक पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
