Prayagraj Floating Restaurant: यमुना की लहरों पर स्वाद और रोमांच का संगम, संगम नगरी में शुरू हुआ फ्लोटिंग रेस्टोरेंट फेज-2

floting-resturant-1767762040801

प्रयागराज। संगम नगरी में पर्यटन और मनोरंजन को नई ऊंचाई देने के लिए मंगलवार को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट फेज-2 का भव्य शुभारंभ किया गया। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और नगर आयुक्त साईं तेजा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस अनोखी सुविधा का उद्घाटन किया।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत नया आकर्षण
स्मार्ट सिटी मिशन और नगर निगम प्रयागराज द्वारा विकसित इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को नए और आधुनिक कलेवर में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यमुना नदी के बीच बेहतरीन खानपान के साथ यादगार अनुभव देना है।

यमुना की लहरों के बीच लजीज व्यंजन और नौका विहार
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में पर्यटक यमुना की लहरों पर तैरते हुए स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। इसके साथ ही नौका विहार और रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स का भी दोहरा मजा मिलेगा, जिससे प्रयागराज का पर्यटन और अधिक आकर्षक बनेगा।

माघ मेले के दौरान विशेष सुविधा
नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम प्रयागराज की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को विशेष रूप से तैयार किया गया है।

वाटर स्पोर्ट्स और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में चरणबद्ध तरीके से जेट स्कीइंग, स्पीड बोट, पांटून बोट और बनाना बोट राइड जैसी गतिविधियां शुरू की जाएंगी। सुरक्षा के लिए रेस्क्यू बोट्स, प्रशिक्षित स्टाफ और सभी आवश्यक मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध
अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और ऑनलाइन बुकिंग पर विशेष फोकस किया गया है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के लिए बुक माई ट्रिप और बुक माई शो जैसी वेबसाइट्स के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे देश-विदेश के पर्यटक घर बैठे अपनी सीट बुक कर सकेंगे।

 

एक नज़र