अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही इंतजाम, दामाद को 2 करोड़ की लैंड रोवर डिफेंडर देने की चर्चा; 4 लाख मेहमानों के भोजन की तैयारी

anant_singh_daughter_grand_weddi
पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चा में हैं। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदावां में होने वाले इस विवाह समारोह को भव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच शादी में दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये कीमत वाली लैंड रोवर डिफेंडर उपहार में देने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी पटना पहुंच चुकी है और अनंत सिंह के आवास पर खड़ी है।

कौन हैं अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?

अनंत सिंह के होने वाले दामाद का नाम ऋषिकेश कुमार है। वह पटना के नजदीक बिहटा के रहने वाले हैं और फिलहाल अमेरिका में रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह उन्हें शादी के मौके पर लग्जरी एसयूवी लैंड रोवर डिफेंडर भेंट कर सकते हैं। यह गाड़ी अपनी कीमत, दमदार बनावट और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है। शादी समारोह में भी यह खास आकर्षण का केंद्र रह सकती है।

10 बीघा जमीन पर तैयार हो रहा टेंट-पंडाल

शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर टेंट और पंडाल लगाया जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

शादी में दुबई से छह मॉडल के आने की भी चर्चा है। इसके अलावा बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

लालू-नीतीश और पीएम मोदी को भी न्योता देने की बात

अनंत सिंह ने खुद कहा है कि वह अपनी बेटी की शादी में लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित करेंगे। विधायक ने यह भी कहा है कि शादी में भारत के अलावा पाकिस्तान से भी लोग शामिल होने पहुंचेंगे।

4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था, 150 से ज्यादा पकवानों की चर्चा

शादी में मेहमानों के खाने-पीने के लिए भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारोह में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार कराए जाने की भी चर्चा है।

कितनी महंगी है लैंड रोवर डिफेंडर?

लैंड रोवर डिफेंडर देश की महंगी और लग्जरी एसयूवी में गिनी जाती है। इसके अलग-अलग संस्करणों की कीमत में अंतर है, जबकि शीर्ष संस्करण की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक बताई जाती है। जिस गाड़ी को अनंत सिंह की ओर से दामाद को उपहार में दिए जाने की चर्चा है, उसकी कीमत डेढ़ करोड़ से दो करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है।

डिफेंडर अपनी ऑफ-रोड क्षमता, मजबूत बॉडी और प्रीमियम इंटीरियर के लिए पहचानी जाती है। इसमें आधुनिक तकनीक, उन्नत ड्राइविंग सहायता प्रणाली, बड़ी टचस्क्रीन और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं मिलती हैं।

 

एक नज़र