रूस का यूक्रेन पर साल का सबसे भीषण हमला! 74 मिसाइलें, 496 ड्रोन से दहला कीव, 27 की मौत; 130 इमारतें तबाह

00000000-2 (1)

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर भयावह रूप ले लिया है। गुरुवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर अब तक का सबसे बड़ा हमला करते हुए दर्जनों मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दाग दिए। इस भीषण हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हमले के बाद राजधानी के कई हिस्सों में भारी तबाही का मंजर देखने को मिला और शहर धुएं के गुबार से ढक गया।

यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने रातभर में 74 मिसाइलें और 496 ड्रोन दागे। लगातार हो रहे धमाकों के बीच हजारों लोग अपनी जान बचाने के लिए बम शेल्टरों और भूमिगत मेट्रो स्टेशनों में शरण लेने को मजबूर हो गए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में करीब 130 इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि अस्पताल में भर्ती एक घायल व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। बचाव और राहत अभियान लगातार जारी है तथा मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। कई घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

हमले के बाद लौटे राष्ट्रपति जेलेंस्की

रूस के हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपना आयरलैंड दौरा बीच में ही छोड़ दिया और तुरंत स्वदेश लौट आए। उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पश्चिमी देशों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि वादा किए गए एयर डिफेंस सिस्टम समय पर उपलब्ध करा दिए गए होते तो इतनी बड़ी तबाही और जनहानि को रोका जा सकता था।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन अतिरिक्त मदद की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि केवल वही सहायता चाहता है जिसका पहले से आश्वासन दिया गया था।

रूस ने बताया जवाबी कार्रवाई

रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को यूक्रेन की हालिया सैन्य कार्रवाइयों का जवाब बताया है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रूसी सेना ने हवाई, समुद्री और जमीनी मिसाइलों के साथ ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, ऊर्जा केंद्रों और कीव सहित कई हवाई अड्डों को निशाना बनाया। रूस का दावा है कि यह कार्रवाई हाल के दिनों में यूक्रेन द्वारा रूसी रिफाइनरियों पर किए गए ड्रोन हमलों के जवाब में की गई है।

 

एक नज़र