दिनदहाड़े गोलियों की बौछार: बाराबंकी में मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब उर्फ बॉबी की हत्या से सनसनी

shoaib-urf-bobby-1770975937

बाराबंकी। बाराबंकी में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जा रहे शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब वह लखनऊ से लौटते हुए कार से अपने घर जा रहे थे।

फिल्मी अंदाज में घेरकर बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब दस राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहम गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर रूप से घायल शोएब को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, रंजिश का एंगल जांच में
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

हाईवे पर यातायात प्रभावित, अतिरिक्त फोर्स तैनात
घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। हालात नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

 

एक नज़र