खलबली मचा देने वाली गिरावट! चांदी ₹52,000 टूटी, सोना एक झटके में ₹12,800 लुढ़का, निवेशकों में हड़कंप

gold-silver-freepik-1770044999

सोना-चांदी बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कीमती धातुओं की कीमतों में रिकॉर्ड स्तर की गिरावट देखने को मिली, जिससे सर्राफा बाजार से लेकर निवेशकों तक हलचल मच गई।

तीन दिन में चांदी ₹1.44 लाख टूटी, 36% तक गिरावट
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, सोमवार को चांदी की कीमत में एक ही दिन में ₹52,000 प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही चांदी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में टूटकर ₹2,60,000 प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले शनिवार को चांदी ₹72,500 यानी करीब 19% गिरकर ₹3,12,000 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बीते तीन कारोबारी सत्रों में चांदी कुल ₹1,44,500 यानी लगभग 36% तक लुढ़क चुकी है। गौरतलब है कि 29 जनवरी को चांदी ने ₹4,04,500 प्रति किलोग्राम का सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था।

सोने में भी जबरदस्त गिरावट, तीन सत्रों में ₹30,300 सस्ता
सोने की कीमतों में भी तेज दबाव देखने को मिला। 99.9% शुद्धता वाला सोना सोमवार को ₹12,800 यानी 7.73% गिरकर ₹1,52,700 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। पिछले सत्र में इसका भाव ₹1,65,500 प्रति 10 ग्राम था। बीते तीन सत्रों में सोना कुल ₹30,300 यानी करीब 17% टूट चुका है। 29 जनवरी को सोना ₹1,83,000 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर था। बाजार में तेज रैली के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली ने गिरावट को और गहरा किया।

डॉलर की मजबूती और वैश्विक संकेतों का असर
कमोडिटी बाजार के जानकारों के अनुसार, कमजोर वैश्विक रुझान और अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटीज एनालिस्ट मानव मोदी ने कहा कि ट्रंप की टैरिफ वार्ता, अमेरिका-ईरान तनाव में नरमी और अमेरिकी शटडाउन की आशंका टलने से बाजार में तरलता बढ़ी, जिससे सोना-चांदी दबाव में आ गए।

बजट में आयात शुल्क पर राहत नहीं, घरेलू बाजार को झटका
लेमोन मार्केट्स के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के मुताबिक, केंद्रीय बजट 2026-27 में सोना और चांदी के आयात शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया। इससे घरेलू बाजार के लिए एक संभावित सपोर्ट फैक्टर खत्म हो गया, जिसका असर कीमतों पर साफ दिखा।

वैश्विक बाजार में भी कमजोर पड़े कीमती धातु
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट का रुख बना रहा। स्पॉट गोल्ड 83.75 डॉलर यानी 1.72% गिरकर 4,781.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। मिराय एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह ने बताया कि सप्ताह की शुरुआत से ही स्पॉट गोल्ड पर तेज बिकवाली का दबाव रहा। मजबूत डॉलर और ट्रंप द्वारा केविन वॉर्श को फेड चेयर नियुक्त किए जाने की खबर से भी बाजार पर असर पड़ा।

आगे किन संकेतों पर रहेगी बाजार की नजर
स्पॉट चांदी भी 1.2 डॉलर यानी 1.42% गिरकर 83.49 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। HDFC सिक्योरिटीज के वरिष्ठ एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, निवेशकों की नजर अब मध्य पूर्व की घटनाओं, यूरोप, यूके और भारत की मौद्रिक नीतियों पर रहेगी। इसके अलावा इस सप्ताह अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल आंकड़े, बेरोजगारी दर और फेडरल रिजर्व अधिकारियों के बयान भी सोना-चांदी की कीमतों की दिशा तय कर सकते हैं।

 

एक नज़र