नामीबिया के खिलाफ सूर्या के पास इतिहास रचने का मौका, एक अर्धशतक बनाते ही विराट कोहली को छोड़ देंगे पीछे
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। पहले मुकाबले में भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराया, लेकिन इस जीत के पीछे सबसे बड़ी भूमिका कप्तान सूर्यकुमार यादव की रही। अब 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में सूर्या के पास एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा, जहां वह विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं।
यूएसए के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम एक समय 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और 49 गेंदों में 84 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 161 रन तक पहुंचाया। उनकी इस जिम्मेदार और विस्फोटक पारी ने मैच का रुख बदल दिया।
बस एक और फिफ्टी और सूर्या बन जाएंगे नंबर-1
सूर्यकुमार यादव टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। वर्ल्ड कप से पहले उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में उन्होंने लय हासिल की और उसी फॉर्म को यूएसए के खिलाफ भी जारी रखा। अब नामीबिया के खिलाफ अगर सूर्या अर्धशतक जड़ने में सफल होते हैं तो वह घर पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50 प्लस पारियां खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
फिलहाल घर पर टी20 इंटरनेशनल में 50 प्लस पारियों के मामले में सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों के नाम 14-14 पारियां दर्ज हैं। ऐसे में एक और अर्धशतक सूर्या को इस सूची में अकेला नंबर-1 बना देगा।
घर पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50+ पारियां (भारतीय खिलाड़ी)
विराट कोहली – 14 पारियां
सूर्यकुमार यादव – 14 पारियां
केएल राहुल – 12 पारियां
रोहित शर्मा – 10 पारियां
ईशान किशन – 8 पारियां
घर की सरजमीं पर सूर्या का दमदार रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव का घरेलू मैदानों पर प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक घर पर 44 मैचों की 43 पारियों में 39 के औसत से 1404 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतक और एक शतक निकला है। उनका स्ट्राइक रेट 170.18 का रहा है, जो उनके आक्रामक अंदाज को दर्शाता है।
सूर्या ने घरेलू टी20 इंटरनेशनल में अब तक 86 छक्के और 126 चौके भी जड़े हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाले मुकाबले में एक बार फिर सभी की निगाहें कप्तान पर टिकी रहेंगी। अगर उनका बल्ला चला तो न सिर्फ टीम इंडिया को मजबूती मिलेगी, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।
