राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए तत्काल पास की सुविधा शुरू, अब काउंटर से भी मिलेगा प्रवेश; जानें पूरी प्रक्रिया
अयोध्या: राम मंदिर में रामलला के आरती दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की व्यवस्था शुरू की गई है। विशिष्ट और सुगम दर्शन पास से जुड़ी दिक्कतों के बीच अब ट्रस्ट ने आरती दर्शन के लिए तत्काल पास जारी करने की सुविधा शुरू कर दी है। इसके लिए राम मंदिर के मुख्य द्वार के पास यात्री सुविधा केंद्र में विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां से श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया के तहत पास प्राप्त कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत फिलहाल सीमित संख्या में तत्काल पास जारी किए जा रहे हैं। ट्रस्ट का कहना है कि आवश्यकता के अनुसार भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
यात्री सुविधा केंद्र पर मिलेगा तत्काल पास
आरती दर्शन के तत्काल पास जारी करने के लिए बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र में विशेष काउंटर बनाया गया है। यहां सुबह 9 बजे से पास बनना शुरू होता है। प्रतिदिन रामलला की आरती के लिए 45 और राम परिवार की आरती के लिए 15 पास निर्धारित किए गए हैं।
मंगला और शृंगार आरती के पास एक दिन पहले
राम मंदिर की पास व्यवस्था के प्रभारी नरेंद्र के अनुसार, रामलला और राम परिवार की अलग-अलग आरतियों के लिए निर्धारित समय के अनुसार पास जारी किए जाएंगे। मंगला आरती सुबह 4 बजे और शृंगार आरती सुबह 6 बजे होने के कारण इन दोनों आरतियों के पास एक दिन पहले बनाए जाएंगे।
शयन आरती का पास उसी दिन मिलेगा
रात्रि 9 बजे होने वाली शयन आरती के लिए पास उसी दिन जारी किया जाएगा। ट्रस्ट के अनुसार, ऑनलाइन उपलब्ध 100 आरती पास के अलावा रेफरल श्रेणी में कुल 75 पास निर्धारित हैं। फिलहाल इनका आवंटन जिला प्रशासन या सैनिक सदन के लिए नहीं किया गया है। उनके अतिथियों को आवश्यकता होने पर सीधे ट्रस्ट से संपर्क करना होगा।
दैनिक पासों की हो रही समीक्षा
रामलला के नियमित दर्शनार्थियों के लिए अब तक 2743 दैनिक पास जारी किए जा चुके हैं। छह माह की वैधता वाले इन पासों की समीक्षा की जा रही है। जिन श्रद्धालुओं के पास की वैधता समाप्त हो रही है, वे उसका नवीनीकरण भी करा सकते हैं। फिलहाल शयन आरती के दैनिक पास जारी करने पर रोक है और इस संबंध में ट्रस्ट स्तर पर विचार जारी है।
तत्काल पास बनवाने की प्रक्रिया
कहां मिलेगा: बिड़ला गेट स्थित तीर्थ क्षेत्र कार्यालय के काउंटर पर।
कब मिलेगा: मंगला और शृंगार आरती के लिए एक दिन पहले, जबकि शयन आरती का पास उसी दिन जारी होगा।
समय: सुबह 9 बजे से निर्धारित पास समाप्त होने तक।
सुगम दर्शन पास: अग्रिम सुगम दर्शन पास केवल ऑनलाइन उपलब्ध है। काउंटर से सुगम दर्शन पास केवल वरिष्ठ नागरिकों तथा दुधमुंहे बच्चे के साथ आने वाले माता-पिता के लिए जारी किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड अनिवार्य होगा। दुधमुंहे बच्चे के साथ आने वाले माता-पिता को बच्चे के साथ फोटो भी प्रस्तुत करनी होगी।
