Border 2 के 5 सबसे दमदार सीन, जो झकझोर देते हैं दिल, देशभक्ति की आग से भर जाती हैं आंखें

still-from-film-1769418184

‘बॉर्डर 2’ भारतीय सिनेमा में देशभक्ति की उस परंपरा को आगे बढ़ाती है, जहां जज्बात, बलिदान और सच्चाई पूरी ताकत के साथ परदे पर उतरते हैं। यह फिल्म न सिर्फ भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम करती है, बल्कि उन गुमनाम नायकों की कहानी भी कहती है, जिनके त्याग के बिना देश की सुरक्षा की कल्पना अधूरी है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारों के साथ मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह ने सैनिकों और उनके परिवारों के दर्द, गर्व और जज़्बे को बेहद असरदार ढंग से पेश किया है।

1971 के युद्ध और लोंगेवाला की ऐतिहासिक लड़ाई की पृष्ठभूमि में बनी यह फिल्म जेपी दत्ता की ‘बॉर्डर’ की विरासत को नए दौर की संवेदनाओं के साथ आगे ले जाती है। गणतंत्र दिवस 2026 से पहले रिलीज हुई यह फिल्म अपने लंबे रनटाइम के बावजूद दर्शकों को बांधे रखती है। फिल्म में ऐसे कई दृश्य हैं, जो दिल और रूह को अंदर तक हिला देते हैं, इनमें से पांच सीन सबसे ज्यादा असर छोड़ते हैं।

शहीद की बहन की चीख, जिसने हर दिल तोड़ दिया

1971 के युद्ध के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना के भीषण हमले के बीच फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों अकेले मोर्चा संभालते हैं और वीरगति को प्राप्त होते हैं। जब उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचता है, तो उनकी छोटी बहन अपने ‘वीरजी’ को पुकारते हुए उन्हें वापस लाने की गुहार लगाती है। बैकग्राउंड में गूंजता ‘मिट्टी के बेटे’ इस सीन को भावनात्मक शिखर पर पहुंचा देता है और दर्शकों की आंखें नम कर देता है।

‘मां शक्ति’ की विरासत और बलिदान की नई परिभाषा

सालों पहले सुनील शेट्टी के यादगार डायलॉग की गूंज के बाद अब अहान शेट्टी उसी भावना को नए अंदाज में आगे बढ़ाते हैं। नौसेना अधिकारी महेंद्र एस रावत दुश्मनों के खिलाफ अकेले मोर्चा संभालते हैं और आखिरी सांस तक लड़ते हैं। उनकी बेटी द्वारा बनाई गई देवी दुर्गा की तस्वीर इस सीन को आध्यात्मिक और भावनात्मक ऊंचाई देती है। वह पल, जब घायल महेंद्र डूबते हुए भी हार नहीं मानते और उनका शरीर पानी पर तैरता है, सीधे दिल पर वार करता है।

सैनिकों का भाईचारा, जो हर दर्द से ऊपर है

‘बॉर्डर 2’ सिर्फ युद्ध नहीं, सैनिकों के आपसी रिश्तों की कहानी भी है। संतराम अपनी मां को खो देता है, वहीं निशान सिंह पिता बनने की खुशी हासिल करता है। अपने निजी दुख को किनारे रखकर साथी की खुशी मनाना और नवजात बेटी का नाम पार्वती रखना, सैनिकों के बीच के अटूट भाईचारे की मिसाल बन जाता है।

परिवार की याद से मिलती है जिंदगी से लड़ने की ताकत

गंभीर रूप से घायल होशियार सिंह दहिया मौत से जूझते हुए अपने परिवार के सपने देखते हैं। पत्नी की मुस्कान और वह पालना, जिसे उन्होंने अपने हाथों से बनाया था, उन्हें दोबारा उठ खड़े होने की ताकत देता है। यह सीन परिवार के महत्व और सैनिकों की मानसिक मजबूती को बेहद खूबसूरती से दर्शाता है।

क्लाइमेक्स में OG हीरो की एंट्री, जो बना देती है माहौल देशभक्ति से सराबोर

फिल्म का क्लाइमेक्स सनी देओल की धमाकेदार वापसी के साथ आता है। पाकिस्तानी टैंकों से घिरे जवानों को बचाते हुए फतेह सिंह करेल दुश्मनों को करारा जवाब देते हैं और तिरंगा फहराने की प्रेरणा देते हैं। यह सीन न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि फिल्म के लंबे रनटाइम को पूरी तरह जायज भी ठहराता है।

 

एक नज़र