UP Weather Alert: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आज यूपी के 47 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी तेज हवाएं
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। उत्तरी पाकिस्तान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तराई से सटे जिलों में नमी बढ़ने के कारण कोहरे का असर भी तेज हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 जनवरी की सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, 27-28 जनवरी को बारिश के आसार
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मौसम तंत्र के कमजोर होने के साथ ही पिछले दिनों हुई बारिश का असर अब तापमान पर दिखने लगा है। उन्होंने बताया कि आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, जबकि झोंकेदार हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
धूप के बावजूद ठंडी हवा, गलन और ठिठुरन बरकरार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह से धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण गलन बनी हुई है। मुरादाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में हल्की गर्माहट जरूर महसूस हुई, लेकिन ठंडी हवा के चलते सर्दी का असर बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है।
आज 47 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 47 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। चेतावनी के दायरे में मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, बदायूं और आसपास के इलाके शामिल हैं।
तेज हवाओं और मौसम के उतार-चढ़ाव से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते फसलों, यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिन प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
