लखनऊ में घर का सपना होगा आसान, 24 सितंबर को CM योगी करेंगे दो हाईटेक टाउनशिप का शिलान्यास, 5000 प्लॉटों की खुलेगी बुकिंग
लखनऊ: राजधानी में अपना घर बनाने के लिए प्लॉट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 सितंबर को आगरा रोड स्थित वरुण विहार योजना में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ विकास प्राधिकरण की नव विकसित वरुण विहार और नैमिषनगर योजनाओं का भूमि पूजन कर शुभारंभ करेंगे। इसी के साथ दोनों योजनाओं में पहले चरण के करीब 5000 भूखंडों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
एलडीए ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर नया हेलीपैड भी तैयार किया जा रहा है। प्राधिकरण की टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी हुई है। दोनों योजनाओं को राजधानी के भविष्य के शहरी विस्तार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के तौर पर विकसित किया जाएगा, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ सुनियोजित नगर तैयार किए जाएंगे।
पहले चरण में 5000 भूखंडों के लिए खुलेगा पंजीकरण
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, वरुण विहार और नैमिषनगर योजनाओं में पहले चरण में करीब 5000 भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू होगा। मुख्यमंत्री के भूमि पूजन के बाद आम नागरिकों के लिए आवेदन प्रक्रिया खोल दी जाएगी।
दोनों योजनाओं को कुल 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इनके विकास पर करीब 12,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजनाओं में सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, हरित क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाओं और आधुनिक शहरी ढांचे का विकास किया जाएगा।
वरुण विहार और नैमिषनगर में तय हुई भूखंडों की दर
एलडीए के मुताबिक, वरुण विहार योजना में भूखंडों की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है। वहीं नैमिषनगर योजना में भूखंड 3,800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से उपलब्ध होंगे। दोनों योजनाओं में अलग-अलग आकार के भूखंड रखे जाएंगे, जिससे लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प मिल सकें।
नैमिषनगर में आध्यात्मिकता के साथ आधुनिक सुविधाओं पर जोर
सीतापुर रोड पर विकसित की जा रही नैमिषनगर योजना को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के साथ आधुनिक जीवनशैली से जोड़कर विकसित किया जाएगा। यहां आध्यात्मिक साधना, योग और शांत जीवनशैली केंद्र, ध्यान केंद्र, आश्रम और सांस्कृतिक केंद्र प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा एक जिला एक उत्पाद केंद्र, वाणिज्यिक केंद्र, शिक्षा केंद्र, खुले व्यायाम स्थल, सामुदायिक पार्क और खरीदारी मार्ग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना में 800 से 5000 वर्गफुट तक के भूखंड उपलब्ध होंगे। इनकी कीमत 30 लाख रुपये से 1.90 करोड़ रुपये तक होगी। सबसे छोटे भूखंड के लिए 1.52 लाख रुपये और सबसे बड़े भूखंड के लिए 9.50 लाख रुपये पंजीकरण राशि निर्धारित की गई है।
हाईटेक सुविधाओं और आधुनिक ढांचे से बदलेगा शहर का स्वरूप
एलडीए के अनुसार, दोनों टाउनशिप को आधुनिक और हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। चौड़ी सड़कें, बेहतर यातायात व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत ढांचा और सुनियोजित विकास इन परियोजनाओं की प्रमुख विशेषताएं होंगी। प्राधिकरण की तैयारी इन योजनाओं को राजधानी के नए शहरी विस्तार के रूप में विकसित करने की है।
24 सितंबर को पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 सितंबर को वरुण विहार योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान एलडीए की पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इन पांच परियोजनाओं में कुल 4150 फ्लैट बनाए जाएंगे। एलडीए की विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत इन अपार्टमेंट के निर्माण की तैयारी की गई है। कुछ परियोजनाओं में पंजीकरण पूरा हो चुका है, जबकि कुछ में प्रक्रिया जारी है।
अनंत नगर में सबसे ज्यादा 1932 फ्लैट होंगे
पांचों परियोजनाओं में सबसे अधिक 1932 फ्लैट अनंत नगर स्थित आदिती अपार्टमेंट में प्रस्तावित हैं। इसके अलावा विराज खंड में लेक व्यू अपार्टमेंट में 646 फ्लैट बनाए जाएंगे।
बागेश्वरी से पार्क व्यू तक इन परियोजनाओं में बनेंगे फ्लैट
बागेश्वरी अपार्टमेंट में 824 फ्लैट प्रस्तावित हैं। ऐशबाग स्क्वायर में 384 फ्लैट बनाए जाएंगे। वहीं बसंत कुंज में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास पार्क व्यू अपार्टमेंट में 364 फ्लैट प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वरुण विहार योजना के भूमि पूजन के साथ इन पांचों अपार्टमेंट परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
