‘इच्छाधारी नागिन’ बनने की अफवाह का खुलासा: युवती ने वीडियो जारी कर बताया सच, प्रेमी संग की शादी

auriya-news-1770938915949_v

औरैया जिले में ‘इच्छाधारी नागिन’ की चर्चाओं से सनसनी मचाने वाला मामला गुरुवार को तब साफ हो गया जब खुद युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर पूरे रहस्य से पर्दा उठा दिया। युवती ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ शादी की है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।

इंस्टाग्राम वीडियो में खुद बताया पूरा सच
‘आई लव माम’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से वायरल वीडियो में युवती अपने प्रेमी के साथ दिखाई देती है। वीडियो में उसने साफ कहा कि उसने घर से भागकर अपनी पसंद से विवाह किया है और किसी ने उसे मजबूर नहीं किया। दूसरे वीडियो में वह अकेली नजर आती है और अपील करती है कि उसके परिवार या पति को परेशान न किया जाए। साथ ही उसने अपनी शादी की तस्वीरें भी साझा कीं।

केंचुल मिलने से फैली थी ‘नागिन’ की चर्चा
पूरा मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां आठ फरवरी की रात युवती घर से लापता हो गई थी। तलाश के दौरान परिजनों को कमरे के बिस्तर पर पूजा सामग्री के साथ कपड़े में लिपटी सांप की केंचुल मिली थी। यह दृश्य देखते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं फैल गईं और लोग उसे ‘इच्छाधारी नागिन’ तक कहने लगे। परिवार भी इस रहस्यमयी स्थिति की वजह छिपाता रहा।

प्रेम प्रसंग निकला मामला, पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
बाद में मामला प्रेम प्रसंग का निकला। युवती ने प्रेमी से शादी करने के लिए यह पूरा नाटकीय घटनाक्रम रचा था। नौ फरवरी को पिता ने थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी और बताया था कि बिस्तर पर सांप की केंचुल के साथ चूड़ियां, सिंदूर, कान के बाले और नाक की लोंग रखी मिली थीं। गांव में चर्चा थी कि उनकी बेटी ‘इच्छाधारी नागिन’ बन गई। गुरुवार को वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले का सच उजागर हो गया।

एक नज़र