कैंची धाम जा रहे 7 दोस्तों की खुशियों भरी यात्रा मातम में बदली, तेज रफ्तार इनोवा ट्रेलर में घुसी, 4 युवकों की दर्दनाक मौत
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कैंची धाम दर्शन के लिए निकले सात दोस्तों की इनोवा कार तेज रफ्तार ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
यह दर्दनाक हादसा हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भिखरा गांव के पास रात करीब 2:50 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार इनोवा सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
रात के सन्नाटे में गूंजी जोरदार टक्कर की आवाज
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग जब मौके पर पहुंचे तो सामने का मंजर देखकर सिहर उठे। इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह दब चुका था और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कई शवों और घायलों को निकालने के लिए वाहन के लोहे को काटना पड़ा।
कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे सभी दोस्त
बताया जा रहा है कि इनोवा में सवार सभी युवक कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। सफर खुशी और उत्साह के साथ शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही पलों में यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल कुमार निवासी मुगलसराय जनपद चंदौली, राहुल सिंह निवासी गैबीपुर जनपद गाजीपुर, सत्यम सिंह निवासी रामपुर रसड़ा जनपद बलिया और सूरज यादव निवासी गाजीपुर के रूप में हुई है। चारों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
तीन घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल पंकज, प्रशांत और चंदन सिंह को पहले हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
रात 3 बजे मौके पर पहुंची पुलिस
हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे के मुताबिक रात करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। देर रात हाईवे लगभग खाली था और आशंका जताई जा रही है कि इनोवा की स्पीड काफी ज्यादा थी। पुलिस ट्रेलर चालक से भी पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
सुबह जैसे ही मृतकों के घर यह खबर पहुंची, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों ने अपने बेटों को धार्मिक यात्रा पर भेजा था, उन्हें क्या पता था कि कुछ ही घंटों बाद उनके घर मातम छा जाएगा।
