वाराणसी के होटल में 3 दिन से बंद था कमरा, दरवाजा खुलते ही दिखीं सगे भाई-बहन की लाशें, पुलिस भी रह गई सन्न

varanasi-1770822567

वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कैंट थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में सगे भाई-बहन के शव मिलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब कमरे का दरवाजा वीडियोग्राफी के बीच खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

तीन दिन से बंद था होटल का कमरा, चेकआउट टाइम पर खुला राज

जानकारी के मुताबिक, मृतक भाई-बहन चार दिन पहले हैदराबाद से वाराणसी आए थे। दोनों सिकंदराबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि होटल में दर्ज पते पर वे पिछले 12 साल से नहीं रह रहे थे। बताया गया कि वे काशी दर्शन के उद्देश्य से वाराणसी पहुंचे थे और कैंट क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे।

होटल प्रबंधन के अनुसार, पिछले तीन दिनों से उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। चेकआउट समय बीतने के बाद जब होटल स्टाफ ने उनके मोबाइल नंबर और कमरे के एक्सटेंशन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। शक गहराने पर दोपहर करीब 3 बजे सिगरा पुलिस को सूचना दी गई।

मास्टर चाबी से खुला दरवाजा, अंदर का मंजर देख सन्न रह गई पुलिस

सूचना मिलते ही डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी चेतगंज ईशान सोनी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय मिश्रा और रोडवेज चौकी प्रभारी गौरव सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए मास्टर चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया।

दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। दोनों के शव जमीन पर पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पास ही एक स्टूल पर जहरीली दवाइयां और पानी रखा मिला। कमरे का बेड पूरी तरह व्यवस्थित था, जबकि दोनों ने नीचे जमीन पर बिस्तर लगाया हुआ था।

सुसाइड की आशंका, मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और मौत के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।

डीसीपी गौरव बंसवाल का बयान

डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया, “हमें एक होटल में दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। हमने कमरे का दरवाजा वीडियोग्राफी के साथ खुलवाया, जहां दोनों मृत अवस्था में पाए गए। वे हैदराबाद के रहने वाले हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

इस घटना ने वाराणसी में सनसनी फैला दी है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

 

एक नज़र