केरल में राष्ट्रीय कलारीपयट्टू लीग में दिखेगा यूपी का दम, 14 जनवरी को लखनऊ से रवाना होगी टीम, डॉ. नीरज सिंह ने दी शुभकामनाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश से इंडियन बाज़ स्पोर्ट्स अकादमी कलारीपयट्टू की टीम 14 जनवरी को दुबग्गा रिंग रोड, लखनऊ से केरल के लिए रवाना होगी। यह टीम 16 से 18 जनवरी के बीच त्रिवेंद्रम, केरल में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय कलारीपयट्टू लीग चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।
राष्ट्रीय मंच पर यूपी के खिलाड़ियों की चुनौती
केरल में होने वाली इस नेशनल कलारीपयट्टू लीग में देशभर से श्रेष्ठ खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। उत्तर प्रदेश की ओर से इंडियन बाज़ स्पोर्ट्स अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी कला और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

ये खिलाड़ी करेंगे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम से लकी सिंह गौतम, निखिल रावत, मोहम्मद हन्नान, शिवानी रावत और दिव्यांशी चौरसिया हिस्सा लेंगे। सभी खिलाड़ी लंबे समय से कलारीपयट्टू का प्रशिक्षण ले रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
डॉ. नीरज सिंह ने वितरित की किट, दी शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश कलारीपयट्टू एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए किट वितरित की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की अपेक्षा है।
