लखनऊ के सदर गोला बाजार में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, ई-स्कूटी शोरूम की 8 गाड़ियां जलीं; बर्तन की दुकान को भी भारी नुकसान
रात करीब सवा आठ बजे शोरूम में लगी आग
कैंट के सदर गोला बाजार में छोटी लालकुर्ती निवासी सरला यादव का ई-स्कूटी शोरूम है। बुधवार रात करीब 8:15 बजे अचानक शोरूम में आग लग गई। आग देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब 20 मिनट बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
बगल की बर्तन दुकान भी आग की चपेट में आई
शोरूम में लगी आग की लपटें पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं और वहां भी आग लग गई। स्थिति गंभीर होने पर दमकल विभाग ने तीन और गाड़ियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान तेज किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
इस दौरान शोरूम में खड़ी आठ ई-स्कूटी पूरी तरह जल गईं। वहीं, बर्तन की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। दोनों दुकानों में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया है।
बाजार की बिजली काटी गई, दुकानदारों में मची अफरा-तफरी
आग लगने के समय सदर गोला बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। अचानक उठती लपटों को देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपने सामान और दुकानों को सुरक्षित करने में जुट गए। इस बीच विद्युत निगम को भी सूचना दी गई, जिसके बाद एहतियातन संबंधित क्षेत्र की बिजली काट दी गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि ई-स्कूटी शोरूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
