UP Police का हाईटेक एक्शन: AI से युवती की पहचान, यमुना एक्सप्रेसवे पर कंबल में मिली लाश की गुत्थी सुलझी, प्रेमी गिरफ्तार

agra-girl-ai-1770604837126_v

आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस ने तकनीक के सहारे बड़ी सफलता हासिल की है। खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 148 किलोमीटर पॉइंट पर कंबल में लिपटी मिली अज्ञात युवती की हत्या की गुत्थी एआई की मदद से सुलझा ली गई है। युवती की पहचान सोनाली के रूप में हुई है, जबकि उसके प्रेमी सनी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या दिल्ली में की गई और शव को कार से लाकर एक्सप्रेसवे किनारे नाले में फेंक दिया गया।

कंबल में लिपटी लाश से फैली थी सनसनी

शुक्रवार दोपहर खंदौली के गांव सौरईं के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर नाले में कंबल में लिपटी युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। चेहरे पर खून होने के कारण पहचान मुश्किल थी। ऐसे में पुलिस ने पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेने का फैसला किया।

AI से तैयार फोटो ने खोला राज

पुलिस ने एआई की मदद से युवती का चेहरा स्पष्ट कर फोटो तैयार किया और उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया। कुछ ही समय में फोटो का मिलान सोनाली के सोशल मीडिया प्रोफाइल से हो गया। जब पुलिस ने अकाउंट की जांच की तो पता चला कि वह पिछले 24 घंटे से निष्क्रिय था। इसके आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर और पते की जानकारी जुटाई।

दिल्ली में हत्या, कार से शव लाकर फेंका

साइबर सेल और सर्विलांस टीम की जांच में सामने आया कि सोनाली मूल रूप से महोबा जिले की कुलपहाड़ तहसील की रहने वाली थी और पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रह रही थी। पुलिस टीम दिल्ली के जहांगीपुरी इलाके में पहुंची, जहां पता चला कि सोनाली और सनी तीन दिन पहले घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। इसके बाद पुलिस ने सनी को हिरासत में लिया।

लिव-इन रिलेशनशिप और शादी का दबाव बना मौत की वजह

पूछताछ में आरोपी सनी ने बताया कि वह कई सालों से सोनाली के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इसी दौरान उसके किसी अन्य युवती से संबंध बन गए। सोनाली शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने गुरुवार रात गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर कार की पिछली सीट के नीचे रखा और यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए खंदौली इलाके में नाले में फेंक दिया।

साजिश में कई और लोगों की भूमिका की आशंका

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या और शव ठिकाने लगाने की साजिश में सनी के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

बार-बार ठिकाना बदलता था आरोपी

पुलिस के अनुसार सनी अपनी गतिविधियों के चलते लंबे समय तक एक जगह नहीं टिकता था। वह सोनाली के साथ दिल्ली में कई बार मकान बदल चुका था। आरोपी भी मूल रूप से महोबा का रहने वाला है। सोनाली की मां और बहन दिल्ली में रहती हैं, जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। सोमवार को परिजन आगरा पहुंचेंगे, पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सेक्स रैकेट से जुड़े होने की जांच तेज

पुलिस ने आरोपी सनी के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, उसके अकाउंट से कई आपत्तिजनक सामग्री और कई युवतियों से चैटिंग के सबूत मिले हैं। इस आधार पर उसके किसी सेक्स रैकेट से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उसके अन्य डिजिटल अकाउंट्स की भी जांच कर रही है।

 

एक नज़र