UP Weather Alert: यूपी में फिर बढ़ा गर्मी का कहर, प्रयागराज-वाराणसी बने देश के सबसे गर्म शहर, 55 जिलों में आंधी-बिजली की चेतावनी

heat-wave-school-close-1779380541

लखनऊ: पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। हालात ऐसे रहे कि प्रयागराज, वाराणसी और बांदा देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 55 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकलने से तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि वाराणसी में 43 डिग्री और बांदा में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। झांसी में पारा 42.5 डिग्री और हमीरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

कुछ जिलों में बारिश, कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप

हालांकि बिहार सीमा से सटे तराई क्षेत्रों और प्रदेश के कुछ दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई। इसी दौरान बदायूं में आंधी और बारिश के बीच एक युवक कपड़े समेटने के लिए छत पर गया, लेकिन तेज हवा के कारण संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

55 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कुशीनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इसके साथ ही प्रदेश के 55 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती मंडल, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर मंडल, सहारनपुर मंडल, मेरठ मंडल, अलीगढ़, आगरा, मुरादाबाद, बरेली और बुंदेलखंड के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है।

अगले पांच दिन और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच दिनों में लखनऊ समेत 40 से अधिक जिलों के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा।

भीषण गर्मी से बढ़ेगी परेशानी

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। दिन के समय तेज धूप और उमस के कारण लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं जिन जिलों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, वहां लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की हिदायत दी गई है।

 

एक नज़र