UP Weather Today: सूर्य ग्रहण के दिन बदलेगा मौसम का मिजाज? यूपी के इन जिलों में तेज हवाएं, कल बारिश के आसार
फरवरी का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। राजधानी लखनऊ समेत आसपास के जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने लगा है, जिससे दिन के समय लोगों को पसीना महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 18 और 19 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इसके चलते प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज इन जिलों में मौसम का हाल
आज सूर्य ग्रहण के दिन प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। लखनऊ, कानपुर, इटावा, अयोध्या, प्रयागराज, बनारस, बस्ती, लखीमपुरखीरी, गोरखपुर, सुल्तानपुर, आगरा, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, शामली, बागपत, मुज्जफरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और पीलीभीत में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि बुधवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
हवा की रफ्तार में बदलाव, तापमान रहेगा ऊपर
मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, प्रदेश में हवा की गति में बदलाव दर्ज किया जा सकता है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक बने रहेंगे, हालांकि इसमें 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक का मामूली उतार-चढ़ाव संभव है। मंगलवार को हवाएं अधिकतम 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है, जिससे किसानों को राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे। दूसरी ओर, शहरों में लोग तेज धूप से बचाव की तैयारी में जुट गए हैं।
कानपुर में पांच दिनों में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी
कानपुर में बीते पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 12 फरवरी को यहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। दिनभर उत्तर-पश्चिमी दिशा से हवाएं 3.4 से 5.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। हवा में नमी का स्तर न्यूनतम 23 प्रतिशत से लेकर अधिकतम 86 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
