UP Weather Update: कहीं बारिश-ओले, कहीं कोहरे का कहर; मौसम विभाग ने राहत का दिया संकेत

जनवरी 2026 मौसम अपडेट, IMD मौसम पूर्वानुमान, दिल्ली एनसीआर मौसम, जनवरी में बारिश, घना कोहरा अलर्ट, शीतलहर चेतावनी, New Year Weather Update, IMD Weather Forecast January 2026, Delhi NCR Rain Alert, Cold Wave Warning, Fog Alert India, Winter Weather Update

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में जहां बारिश और ओलावृष्टि से ठंड और बढ़ गई, वहीं मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों तक भीषण सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई है। शुक्रवार को मथुरा में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में ओले गिरने से गलन बढ़ गई। अलीगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
आईएमडी लखनऊ के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बन गया है, जिसका प्रभाव पश्चिमी यूपी में भी देखने को मिला। कहीं तेज बौछारें पड़ीं तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इस वायुमंडलीय अस्थिरता से कोहरे की परत छंटने लगी है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति खत्म हो गई है।

11 जनवरी तक शुष्क मौसम की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 11 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कोहरे के घनत्व में धीरे-धीरे कमी आएगी और तापमान में भी इजाफा होगा, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है।

इन शहरों में सबसे ज्यादा ठंड का असर
रात के तापमान की बात करें तो प्रदेश के चार शहरों में पारा 4.5 डिग्री या उससे नीचे दर्ज किया गया। अलीगढ़ में सबसे कम 3.4 डिग्री, मेरठ में 4.3, फुरसतगंज में 4.4 और बाराबंकी, नजीबाबाद व बरेली में 4.5 डिग्री तापमान रहा। वहीं अधिकतम तापमान के मामले में बुलंदशहर सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का पारा सिर्फ 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

कई शहरों में दृश्यता शून्य तक गिरी
बीते 24 घंटों में अलीगढ़, आगरा (आईएएफ), सरसावा (आईएएफ), बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर (आईएएफ), प्रयागराज (आईएएफ), आजमगढ़ और कानपुर (आईएएफ) में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। फतेहपुर, सुलतानपुर और फतेहगढ़ में दृश्यता 20 से 30 मीटर के बीच रही, जबकि लखनऊ एयरपोर्ट सहित कई इलाकों में 50 मीटर के आसपास दृश्यता रिकॉर्ड की गई।

मुरादाबाद में सीजन की सबसे सर्द रात
मुरादाबाद में गुरुवार आधी रात और शुक्रवार तड़के इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौजूदा सर्दी में अब तक का सबसे कम है।

धूप खिली तो मिली कुछ राहत
प्रयागराज में कई दिनों की कड़ाके की ठंड के बाद शुक्रवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। कोहरा छंट गया और सुबह से ही सूरज निकल आया, जिससे गलन में कमी आई।

लखनऊ समेत कई जिलों में सर्दी का जोर बरकरार
लखनऊ और आसपास के इलाकों में रातभर घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। बलरामपुर, गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, रायबरेली और बाराबंकी समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा और सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे ठंड का असर बना रहा।

 

एक नज़र