UP Weather Update: यूपी में फिर बदलेगा मौसम, लखनऊ समेत 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड की मार

fog--1767709848667

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शीत दिवस का दौर लगातार जारी है और अब एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 72 घंटों में लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। बीते दो-तीन दिनों से अधिकतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

लखनऊ में पारा लुढ़का, धूप रही नदारद
मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पूरे दिन धूप नहीं निकली। इसके चलते अधिकतम तापमान करीब छह डिग्री की गिरावट के साथ 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में आई इस गिरावट से शहर और ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों सहित प्रदेश के 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल के कई जिलों में गुरुवार तक अत्यधिक घने कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी भी दर्ज की गई है।

क्यों बदला मौसम? जानिए वजह
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है। इसका असर अब मैदानी क्षेत्रों में दिखने लगा है। पहाड़ों से चल रही ठंडी और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण यूपी में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों को ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

इटावा बना प्रदेश का सबसे ठंडा जिला
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार के बाद मंगलवार को भी इटावा लगातार दूसरी रात प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोरखपुर में 4.5, कानपुर नगर में 4.6 और आजमगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा सप्ताह में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव के आसार कम हैं, लेकिन दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। सुबह और शाम की ठंड का असर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।

 

एक नज़र