Weather Today: उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन, दिल्ली-NCR में घना कोहरा, यूपी-बिहार में शीतलहर का कहर
लखनऊ: उत्तर भारत में एक बार फिर ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर तेज कर दिया है। दिन में निकलने वाली धूप भी ठंडी हवाओं के आगे बेअसर साबित हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहाड़ी इलाकों में अगले तीन दिनों तक बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिसका असर मैदानी राज्यों में शीतलहर और कोहरे के रूप में देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम?
राजधानी दिल्ली में लगातार चल रही सर्द हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है। ठंड के साथ-साथ लोगों को प्रदूषण की दोहरी मार भी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह और शाम के समय शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे गलन बनी रहेगी और ठंड का असर और ज्यादा महसूस होगा।
यूपी में और कितना गिरेगा पारा?
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम के अचानक करवट लेने के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। सुबह घना कोहरा छाने के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर तक पहुंच गई। लगातार दूसरे दिन लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा और शनिवार को भी शहर समेत आसपास के इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार शनिवार से सोमवार तक सुबह और शाम घना कोहरा रहेगा और गलन बनी रहेगी। ऐसे में अगले सप्ताह तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
शुक्रवार को गलन बढ़ने के कारण लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। करीब 11 बजे के बाद कोहरा कुछ हद तक छंटा और हल्की धूप निकली, लेकिन इसके बावजूद ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग ने शनिवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है।
बिहार में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी पटना के साथ पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, दरभंगा और भागलपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम और बिगड़ने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते IMD ने अगले तीन दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले पांच दिनों तक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर और ऊना समेत कई जिलों में शीतलहर और कोहरे के कारण कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा।
