सब्जियों को उबालना या भाप में पकाना: कौन सा तरीका रखता है सबसे ज्यादा पोषण
नई दिल्ली। सब्जियों को पकाने के तरीके अलग-अलग हैं, लेकिन सबसे ज्यादा पोषक तत्व किस तरीके से मिलते हैं, यह जानना जरूरी है। अक्सर लोग यह सोचते हैं कि सब्जियों को उबालना बेहतर है या भाप में पकाना। आइए जानते हैं वैज्ञानिक नजरिए से किस तरीके से सब्जियों के विटामिन और मिनरल्स सुरक्षित रहते हैं।
उबालना
उबालने में सब्जियों को सीधे गरम पानी में डुबो दिया जाता है। यह तरीका आसान और तेज है, लेकिन इसमें पोषक तत्वों का बड़ा हिस्सा खो जाता है। सब्जियों में मौजूद विटामिन C और B-कॉम्प्लेक्स पानी में घुल जाते हैं और जब उबालते समय पानी फेंक दिया जाता है, तो पोषण का एक बड़ा हिस्सा भी बर्बाद हो जाता है। साथ ही, ज्यादा उबालने से सब्जियों का रंग फीका पड़ जाता है, टेक्सचर नरम और चिपचिपा हो जाता है।
भाप में पकाना
भाप में सब्जियों को उबलते पानी के ऊपर रखा जाता है और वे सीधे पानी के संपर्क में नहीं आतीं। इस तरीके में पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं और शोध बताते हैं कि भाप में पकाने से सब्जियों के 90% तक पोषण बरकरार रहता है। विटामिन C और B पानी में नष्ट नहीं होते और सब्जियों के अंदर ही बने रहते हैं। इसके अलावा, भाप में पकी सब्जियां अपने नेचुरल रंग, कुरकुरापन और ताजा स्वाद बनाए रखती हैं। यह तरीका पेट के लिए हल्का होता है और तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है, जिससे वजन कम करने वाले और हार्ट पेशेंट्स के लिए यह सबसे बेहतर विकल्प है।
कौन सा तरीका सबसे फायदेमंद
अगर आपका उद्देश्य सब्जियों से अधिकतम पोषक तत्व प्राप्त करना है, तो भाप में पकाना सबसे बेहतर तरीका है। यह सब्जियों के पोषण, रंग और स्वाद को सुरक्षित रखता है। अगली बार जब आप सब्जियां पकाएं, तो उन्हें उबालने के बजाय स्टीमर या जाली वाले बर्तन में भाप से पकाकर देखें और ताजगी और पोषण दोनों का फायदा उठाएं।
