संतों संग संगम स्नान करेंगे CM योगी, माघ मेला की व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा, सतुआ बाबा के शिविर भी जाएंगे

saema-yaga-aathatayanatha-na-bya-saenaja-palta-ka-kaya-narakashhanae_ab74a383bb484dee19114f61a48ec76b

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को करीब छह घंटे तक संगमनगरी में प्रवास करेंगे। इस दौरान वह संतों के साथ संगम में पावन स्नान करेंगे और माघ मेला की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे। माघ मेला में यह मुख्यमंत्री का दूसरा संगम स्नान होगा। इसके साथ ही वह खाकचौक स्थित जगदगुरु संतोषाचार्य सतुआ बाबा के शिविर में भी जाएंगे।

संगम में स्नान और पूजन करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10.20 बजे हेलीकॉप्टर से परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद संगम नोज जाकर त्रिवेणी संगम में स्नान व विधिवत पूजन करेंगे। संगम स्नान के बाद वह सीधे जगदगुरु संतोषाचार्य सतुआ बाबा के शिविर के लिए रवाना होंगे।

रामानंदाचार्य जयंती समारोह में होंगे शामिल
सतुआ बाबा के शिविर में मुख्यमंत्री जगदगुरु रामानंदाचार्य को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करेंगे। यहां वह जगदगुरु रामानंदाचार्य के 726वें जन्मोत्सव समारोह में भी शामिल होंगे और संतों से संवाद करेंगे।

माघ मेला की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
दोपहर 2.05 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आईसीसीसी सभागार पहुंचकर मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में अधिकारियों से श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेंगे।

जनप्रतिनिधियों से संवाद और बैठकें
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेंगे और फिर प्रयागराज से प्रस्थान करेंगे।

प्रशासन रहा अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे दिन प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मेला प्राधिकरण और मेले में तैनात अधिकारियों में सबसे ज्यादा हलचल देखने को मिली। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए लगातार निरीक्षण किया।

 

एक नज़र