700 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, फिर भी निजी जिंदगी में झेले दर्द; रामायण की मंथरा की मौत के बाद 3 दिन घर में पड़ा रहा शव
इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म रामायण को लेकर मंथरा का किरदार एक बार फिर चर्चा में है। इस फिल्म में शीबा चड्ढा यह भूमिका निभा रही हैं। वहीं, रामानंद सागर की रामायण में ललिता पवार ने मंथरा को जिस अंदाज में पर्दे पर उतारा था, उसे आज भी दर्शक याद करते हैं। उनके चेहरे के हावभाव और दमदार आवाज ने इस किरदार को खास पहचान दिलाई थी।
9 साल की उम्र में शुरू किया था फिल्मी सफर
ललिता पवार का जन्म 18 अप्रैल 1916 को महाराष्ट्र के नासिक में हुआ था। उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था। इसी लगाव के चलते महज 9 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था।
धीरे-धीरे वह हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री बन गईं। अपने सात दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 700 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। शुरुआती दौर में वह मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आती थीं। उनकी खूबसूरती और अभिनय की उस समय खूब चर्चा होती थी।
एक थप्पड़ ने बदल दी जिंदगी
ललिता पवार के करियर में साल 1942 बेहद अहम साबित हुआ। फिल्म ‘जंग-ए-आजादी’ की शूटिंग के दौरान एक दृश्य फिल्माते समय अभिनेता भगवान दादा ने उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया। इस हादसे में उनकी बाईं आंख बुरी तरह प्रभावित हुई और चेहरे पर लकवे जैसा असर पड़ गया।
लंबे इलाज के बावजूद वह पहले जैसी नहीं हो सकीं। इस घटना के बाद उनके लिए मुख्य अभिनेत्री की भूमिकाएं निभाना मुश्किल हो गया। उन्हें सहायक और नकारात्मक किरदार मिलने लगे। हालांकि, उन्होंने इस हादसे को अपने करियर की समाप्ति नहीं बनने दिया और अभिनय के दम पर नई पहचान बनाई।
मंथरा के किरदार ने घर-घर में दिलाई पहचान
ललिता पवार ने अपने अभिनय से कई यादगार किरदार निभाए, लेकिन रामानंद सागर की रामायण में मंथरा की भूमिका उनके करियर का सबसे चर्चित पड़ाव बन गई। उनके चेहरे के भाव, संवाद बोलने का अंदाज और आवाज ने इस किरदार को दर्शकों के जेहन में बसा दिया।
हाल यह था कि कई लोग उन्हें उनके असली नाम के बजाय मंथरा के नाम से पहचानने लगे थे। पर्दे पर नकारात्मक किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाली ललिता पवार की असल जिंदगी हालांकि कई भावनात्मक मुश्किलों से घिरी रही।
पहली शादी में मिला ऐसा धोखा, बहन ही बन गई सौतन
ललिता पवार की पहली शादी फिल्म निर्माता गणपतराव पवार से हुई थी। शुरुआत में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य बताया जाता है, लेकिन बाद में उनके रिश्ते में दरार आ गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ललिता पवार को पता चला कि उनके पति के उनकी छोटी बहन के साथ संबंध हैं। बताया जाता है कि गणपतराव ने उनकी छोटी बहन से दूसरी शादी भी कर ली थी। इस घटना ने अभिनेत्री को गहरा सदमा पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने पहली शादी से अलग होने का फैसला किया।
पहले रिश्ते के टूटने के बाद ललिता पवार ने निर्माता राजप्रकाश गुप्ता से दूसरी शादी की। इस विवाह से उनके बेटे जय पवार का जन्म हुआ।
आखिरी दिनों में बीमारी और अकेलेपन से जूझीं
ललिता पवार के जीवन का अंतिम दौर काफी कठिन रहा। उन्हें कैंसर हो गया था और वह पुणे स्थित अपने घर में रहने लगी थीं। बताया जाता है कि उस समय उनके पति अस्पताल में भर्ती थे, जबकि उनका बेटा मुंबई में रहता था।
24 फरवरी 1998 को 81 वर्ष की उम्र में अभिनेत्री का निधन हो गया। उनके निधन के बाद करीब तीन दिनों तक उनका शव घर में ही पड़ा रहा। बताया जाता है कि बेटे ने जब फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद पुलिस की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया और उनके निधन की जानकारी सामने आई।
आज भी याद किए जाते हैं उनके किरदार
ललिता पवार भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन भारतीय सिनेमा में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई तरह की भूमिकाएं निभाईं और हर किरदार को अपनी अभिनय शैली से अलग पहचान दी। रामायण की मंथरा के रूप में मिली लोकप्रियता ने उन्हें दर्शकों की यादों में हमेशा के लिए जगह दे दी। उनकी जिंदगी इस बात की मिसाल है कि पर्दे पर मिली शोहरत के पीछे कलाकारों को निजी जीवन में कई मुश्किलों से भी गुजरना पड़ सकता है।
