यूपी के युवाओं को अपने जिले में ही मिलेगा रोजगार, सीएम योगी ने हर जिले में रोजगार जोन बनाने के दिए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के लिए अब दूसरे जिलों या राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिले में ऐसा एकीकृत केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए हैं, जहां कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इसके लिए प्रदेश में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ विकसित किए जाएंगे।
हर जिले में न्यूनतम 50 एकड़ में बनेगा रोजगार जोन
सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जिलों में इस योजना के लिए उपयुक्त भूमि की जल्द पहचान की जाए और तय समयसीमा में परियोजना को धरातल पर उतारा जाए। यह जोन हर जिले में कम से कम 50 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा, ताकि बड़े स्तर पर औद्योगिक और रोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
उत्तर प्रदेश दिवस पर हो चुका है योजना का शुभारंभ
इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का स्थायी मॉडल बने और औद्योगिक विकास को नई दिशा दे।
एमएसएमई और नवाचार आधारित उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
इन रोजगार जोन में एमएसएमई, सेवा क्षेत्र और नवाचार आधारित उद्योगों के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट, फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे उद्यमियों को कारोबार शुरू करने के लिए पहले से तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार होगा विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले की क्षेत्रीय जरूरतों और स्थानीय संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जोन का विकास किया जाए, ताकि हर क्षेत्र को इसका वास्तविक और व्यावहारिक लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि संभावित स्थलों की पहचान में किसी भी तरह की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
एक ही परिसर में मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं
बैठक में बताया गया कि इन जोन में कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग लैब, डिजाइन और डिस्प्ले सेंटर, टूल रूम, ईटीपी और सीईटीपी, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क, ग्रीन एरिया और कार्यालय स्पेस का संतुलित विकास किया जाएगा। साथ ही यहां ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लायमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ भी स्थापित होगा।
नौकरी से लेकर स्वरोजगार तक पूरी सुविधा
इन केंद्रों में युवाओं को उद्यमिता प्रशिक्षण, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी, हैंडहोल्डिंग सपोर्ट, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और वेतन आधारित रोजगार की सुविधा मिलेगी। यानी पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी करने या अपना व्यवसाय शुरू करने तक की पूरी प्रक्रिया एक ही परिसर से आसान होगी।
