Bihar Crime: बेटा न होने पर पति ने पत्नी की की बेरहमी से हत्या, शव बोरे में भरकर नाले में फेंका

untitled-2026-01-31t090635-1769830853

मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-17, बालूघाट गली नंबर-3 में पति ने अपने तीन भाइयों के साथ मिलकर अपनी पत्नी फूलो देवी की हत्या कर दी। मृतका का शव इतनी बेरहमी से फेंका गया कि उसका चेहरा भी कुचला हुआ था। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर आश्रम घाट के पास बूढ़ी गंडक नदी में गिरने वाले नाले के मुहाने पर फेंक दिया गया। घटना शुक्रवार को तब सामने आई जब नदी किनारे क्रिकेट खेल रहे बच्चों की नजर बोरे पर पड़ी। कुत्तों ने बोरा नोच दिया और बच्चों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना पुलिस, सिटी एसपी, नगर एएसपी और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

22 जनवरी से लापता थी महिला
मृतक महिला फूलो देवी के भाई शिवनाथ शाह ने घटनास्थल पर जाकर शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि फूलो देवी 22 जनवरी से लापता थी। इसके बाद 25 जनवरी को उन्होंने सिकंदरपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में फूलो के पति संतोष शाह और उसके तीन भाइयों को नामजद किया गया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते आरोपियों को हिरासत में नहीं लिया, जिससे शायद फूलो की जान बच सकती थी।

एफआईआर में लगाए गए गंभीर आरोप
शिवनाथ शाह ने बताया कि बेटा न होने के कारण संतोष शाह और उसके परिवार के लोग लगातार फूलो देवी को प्रताड़ित करते थे। इसी कारण उनकी हत्या की गई। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों से समय पर पूछताछ न होने को परिजनों ने गंभीर लापरवाही बताया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
सिटी एसपी ने बताया कि शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे स्पष्ट लगता है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ही हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर नाले में फेंका गया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी संतोष शाह, जो कृष्णा टॉकीज के सामने जूस का ठेला लगाता है, और उसके भाई पिछले तीन दिनों से फरार हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

एक नज़र