‘बुलेट ट्रेन की रफ्तार से दौड़ रहा यूपी, विपक्ष पंक्चर साइकिल’—सीएम योगी का तीखा हमला
गोरखपुर में प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। बुधवार को कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग जनता को हक के लिए तरसाते थे, उन्हें अब जनता ने सत्ता के लिए तरसा दिया है।
‘डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की तरह आगे बढ़ रही’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की गति से विकास कर रही है, जबकि विपक्ष ‘पंक्चर साइकिल’ की तरह पीछे छूट चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार दोगुनी रफ्तार से काम कर रही है, तो साइकिल का पंक्चर होना तय है और वह कभी मुकाबला नहीं कर पाएगी।
नौ साल की उपलब्धियों का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ‘उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के नौ वर्ष’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की पहली सरकार है, जिसने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसमर्थन का परिणाम है।
‘पहले प्रदेश की पहचान संकट में थी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब गोरखपुर और उत्तर प्रदेश की पहचान देश में कमजोर थी। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश का नाम सुनते ही लोग पीछे हट जाते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और राज्य नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।
इंसेफ्लाइटिस और अयोध्या का भी किया जिक्र
उन्होंने सवाल उठाया कि पहले कौन लोग थे जिनकी संवेदनाएं इंसेफ्लाइटिस से पीड़ित बच्चों के लिए नहीं जागती थीं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां पहले जाने पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, आज वही शहर दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में विकसित हो चुका है।
मंदिरों के विकास पर भी दिया बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में मां विंध्यवासिनी मंदिर का भी भव्य विकास हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों को सुविधाएं नहीं मिलती थीं, जबकि अब सरकार धार्मिक स्थलों के विकास पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि जिसे जो प्रिय होता है, वह उसी दिशा में कार्य करता है।
