UP-EDGE Project: पूर्वांचल के 28 जिलों में विकास की नई तैयारी, बुंदेलखंड के 7 जिले भी होंगे शामिल; 2,500 करोड़ का प्रस्ताव

yogi-httpsx-1790143646

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार पूर्वांचल के 28 जिलों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए UP-EDGE परियोजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। वर्ल्ड बैंक के सहयोग से प्रस्तावित इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों को निवेश, रोजगार, उद्यमिता और निर्यात के अवसरों में बदलना है। सरकार की ओर से बुंदेलखंड के 7 जिलों को भी परियोजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है।

योगी आदित्यनाथ ने वर्ल्ड बैंक अधिकारियों के साथ की बैठक

राज्य सरकार के अनुसार, मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें UP-EDGE परियोजना के विभिन्न प्रस्तावित घटकों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट (PPR) को भारत सरकार के पास भेजने समेत कई मुद्दों पर विचार किया गया।

बैठक में वर्ल्ड बैंक के प्रैक्टिस मैनेजर हून सोह, शीर्ष अर्थशास्त्री और राजकोषीय नीति विशेषज्ञ ऑरेलियन क्रॉस, वरिष्ठ अर्थशास्त्री विंसेंट बेलिंगा और वरिष्ठ विशेषज्ञ नेहा गुप्ता शामिल हुए।

5 साल की परियोजना, अनुमानित लागत 2,500 करोड़ रुपये

UP-EDGE परियोजना को करीब 2,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ 5 साल के लिए प्रस्तावित किया गया है। इसमें पूर्वांचल के 28 जिलों को शामिल किया गया है, जबकि बुंदेलखंड के 7 जिलों को भी जोड़ने का प्रस्ताव है।

बैठक में बताया गया कि पूर्वांचल में उत्तर प्रदेश की करीब 40 प्रतिशत आबादी रहती है, लेकिन राज्य के सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी लगभग 27.6 प्रतिशत है। क्षेत्र की प्रति व्यक्ति आय राज्य के औसत से करीब 45 प्रतिशत कम है और लगभग 80 प्रतिशत कार्यबल कृषि क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की तैयारी

परियोजना के तहत जिलों की स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने की योजना है। सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ उद्यमिता को भी प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलेवार बड़े निवेश परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ विनिर्माण और सेवा क्षेत्र की भूमिका भी बढ़ाई जानी चाहिए।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने एक जिला एक उत्पाद और अन्य स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बेहतर डिजाइन और पैकेजिंग के जरिए इन उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और निर्यात के अवसर बढ़ाने की योजना है।

परियोजना के तहत करीब 1 लाख नए उद्यम विकसित करने और महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

पर्यटन, स्वास्थ्य और डिजिटल क्षेत्र में भी खुलेंगे अवसर

UP-EDGE के तहत पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ई-कॉमर्स, डेटा सेंटर और डिजिटल जिलों जैसे क्षेत्रों में नए अवसर विकसित करने की योजना है। वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में कौशल विकास और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिसिटी और स्वास्थ्य पर्यटन की संभावनाओं पर भी काम करने का प्रस्ताव है।

 

एक नज़र