बिना खर्च के चमकेगा पूरा घर, किचन से बाथरूम तक सफाई के ये आसान टिप्स बदल देंगे आपकी दिनचर्या
साफ-सुथरा घर न सिर्फ देखने में अच्छा लगता है बल्कि मन और दिमाग को भी सुकून देता है। हालांकि, रोजाना की भागदौड़ में घर की सफाई करना कई बार मुश्किल और थकाऊ काम बन जाता है। महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स और घंटों की मेहनत के बावजूद मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता। लेकिन अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद सामान्य चीजों की मदद से आप बेहद कम मेहनत और बिना अतिरिक्त खर्च के पूरे घर को चमका सकते हैं।
शावर की सफाई मिनटों में
बाथरूम के शावर पर जमा गंदगी और दाग हटाने के लिए एक पॉलिथिन में नींबू के टुकड़े और विनेगर डालें। इस पॉलिथिन को शावर पर अच्छी तरह बांध दें। कुछ समय बाद शावर को खोलकर देखें, गंदगी आसानी से हट चुकी होगी और शावर पहले जैसा चमकने लगेगा।
टीशर्ट की सिलवटें ऐसे करें दूर
अगर आपकी टीशर्ट पर ज्यादा सिलवटें हैं, तो उसे वॉशिंग मशीन में डालकर एक बड़ा आइस क्यूब भी डाल दें। मशीन को कुछ मिनट के लिए ड्रायर मोड पर चलाएं। बाहर निकालने पर टीशर्ट बिना इस्त्री के ही स्मूद नजर आएगी।
लकड़ी का चॉपिंग बोर्ड करें साफ और कीटाणुरहित
चॉपिंग बोर्ड पर थोड़ा नमक छिड़कें और आधा नींबू लेकर उसे अच्छे से रगड़ें। इससे बोर्ड की गंदगी साफ हो जाएगी और बैक्टीरिया भी खत्म हो जाएंगे, जिससे किचन की सफाई बेहतर बनी रहेगी।
बाथरूम के शीशे में लाएं नई जैसी चमक
एक मग पानी में ग्रीन टी बैग डालकर उसे कुछ देर रहने दें। इस पानी से शीशे और कांच की सतहों को साफ करें। इससे धुंधलापन दूर होगा और शीशा चमक उठेगा।
स्टील की रेलिंग और ग्रिल ऐसे करें साफ
आधे नींबू पर बेकिंग सोडा डालकर स्टील की रेलिंग या ग्रिल पर रगड़ें। इससे जमी गंदगी, दाग और धब्बे आसानी से हट जाएंगे और सतह नई जैसी दिखने लगेगी।
जले हुए पैन को बनाएं फिर से नया जैसा
काले और जले हुए पैन में नींबू के छिलके, बेकिंग सोडा और विनेगर डालकर हल्का गर्म करें। इसके बाद हल्का स्क्रब करें। कुछ ही देर में जिद्दी दाग हट जाएंगे और पैन साफ हो जाएगा।
सिंक की सफाई और बदबू से छुटकारा
अगर सिंक जाम हो गई है या बदबू आ रही है, तो उसमें बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से कुछ मिनट तक विनेगर डालते रहें। अंत में गर्म पानी डाल दें। इससे सिंक साफ हो जाएगी और बदबू भी खत्म हो जाएगी।
