जापान में जोंगमी तूफान का कहर: 60 हजार घरों की बिजली गुल, 900 उड़ानें रद्द, लाखों लोगों को अलर्ट
टोक्यो: जापान में उष्णकटिबंधीय तूफान जोंगमी ने व्यापक असर डालना शुरू कर दिया है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते देश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। तूफान के कारण करीब 60 हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जबकि सैकड़ों उड़ानों को भी रद्द करना पड़ा है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, जोंगमी का केंद्र मुख्य द्वीप होंशू से दूर स्थित था और यह उत्तर-पूर्व दिशा में ग्रेटर टोक्यो क्षेत्र की ओर बढ़ रहा था। तूफान के साथ अधिकतम 25 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से लगातार हवाएं दर्ज की गई हैं। एजेंसी ने प्रशांत तट के कई इलाकों में भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
आठ प्रांतों में जारी किया गया अलर्ट
सरकारी प्रवक्ता मिनोरू किहारा ने बताया कि यह इस मौसम का छठा चक्रवाती तूफान है, जिसे बाद में उष्णकटिबंधीय तूफान की श्रेणी में वर्गीकृत किया गया। तूफान का केंद्रीय दबाव 980 हेक्टोपास्कल दर्ज किया गया है। दक्षिण-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी जापान के आठ प्रांतों में रहने वाले लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी खतरे की आशंका होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं।
हवाई सेवाओं पर भी पड़ा बड़ा असर
जोंगमी तूफान के कारण परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए बुधवार सुबह तक करीब 900 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा है और प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
